मेरठ जेल में बंद नीले ड्रम वाली मुस्कान का वजन बढ़ गया है। पति सौरभ हत्याकांड में गिरफ्तारी के वक्त वह दुबली-पतली थी। लेकिन अब मोटी दिखने लगी है। मुस्कान के बॉयफ्रेंड साहिल ने भी अपना लुक बदल लिया है। पहले उसके बाल बड़े थे। मगर छोटे हो गए हैं। वह पहले से तंदरुस्त हो गया है। मंगलवार को जिला अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आरोपी मुस्कान और साहिल की पेशी हुई। कैब ड्राइवर अजब सिंह ने दोनों को देखा तो वह चौंक उठा। अजब सिंह वही ड्राइवर है, जिसकी कैब से मुस्कान और साहिल उत्तराखंड गए और वहां अलग-अलग लोकेशन पर घूमे थे। जज के सामने कैब ड्राइवर ने वकील से कहा- हां, यही दोनों हैं, जिन्हें मैं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर ले गया था। घूमने के दौरान दोनों ने शॉपिंग की। शिमला के एक मंदिर में दोनों ने शादी की। वहां के होटलों में होने वाली पार्टियों में ड्रिंक लेकर डांस करते थे। अब दोनों काफी बदल गए हैं। जज ने सुनवाई की अगली तारीख 21 नवंबर तय की है। इस दिन कैब ड्राइवर से जिरह होगी। साहिल-मुस्कान के वकील ड्राइवर से सवाल-जवाब करेंगे। कैब ड्राइवर बोला- साहब ये दोनों वही हैं, जिन्हें मैं उत्तराखंड ले गया था
मंगलवार को जिला जज अनुपम कुमार की अदालत में कैब ड्राइवर अजब सिंह बयान दर्ज कराने पहुंचे। वादी पक्ष के वकील विजय बहादुर सिंह ने बताया कि कैब ड्राइवर को कोर्ट में एग्जामिनेशन इन चीफ के लिए बुलाया गया था। मैंने उनसे हादसे को लेकर सवाल पूछे। मुस्कान-साहिल ने कब और कैसे कैब को बुक किया था? कहां से दोनों कैब में सवार हुए। मेरठ से निकलने के बाद वह पहले कहां गए? इसके बाद-बाद कहां-कहां कितने दिन घूमे? किस शहर में किस स्थान पर किस होटल में कितने दिन या कितने वक्त तक रुके? कौन-कौन से होटल-रेस्टोरेंट में खाया-पीया? कब वहां से निकले और कब मेरठ पहुंचे? ऐसे कई सवाल पूछे। कैब ड्राइवर के बयान दर्ज होने के बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आरोपी साहिल-मुस्कान से आमना-सामना कराया गया। आरोपियों को देखते ही ड्राइवर ने दोनों को पहचान लिया। उसने बताया कि पहले दोनों काफी अलग दिखते थे, लेकिन अब बदल गए हैं। ये दोनों वही लड़का-लड़की हैं, जिन्हें मैं उत्तराखंड लेकर गया था। डिफेंस काउंसिल ने समय लिया, 21 नवंबर को जिरह
ड्राइवर अजब सिंह ने बताया, मुझे कंपनी से बुकिंग मिली थी। मैंने दोनों को दिल्ली चुंगी से पिक किया था। पुलिस के पास इस यात्रा से जुड़ी कई जगहों की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं। उसने बताया कि हत्या के बाद दोनों आरोपी 14 दिनों तक मसूरी, कसौली और शिमला में घूमे थे। उनके चेहरे पर कोई शिकन या पछतावा नहीं था। दोनों एक-दूसरे के साथ बहुत खुश थे। वकील विजय बहादुर सिंह ने बताया कि डिफेंस काउंसिल रेखा जैन ने मामले में समय लिया है। अब 21 नवंबर को जिरह होगी। इस मामले में अब तक कुल 12 गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। इनमें मृतक सौरभ के भाई बबलू राजपूत, मां रेणु देवी, चाकू बेचने वाला दुकानदार, ड्रम विक्रेता, मेडिकल स्टोर संचालक, डॉक्टर, सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार और डॉ. दिनेश सिंह जैसे प्रमुख गवाह शामिल हैं। अब पूरा मामला पढ़िए… 3 मार्च की रात साहिल के साथ मिलकर सौरभ को मार डाला लंदन से लौटकर मेरठ आए मर्चेंट नेवी में अफसर सौरभ कुमार राजपूत की उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने 3 मार्च की रात को हत्या कर दी। इस काम में उसका साथ बॉयफ्रेंड साहिल शुक्ला उर्फ मोहित ने दिया। पहले खाने में दवा मिलाकर बेहोश किया। फिर बेडरूम में सोते समय पति के सीने में मुस्कान ने ही पहला चाकू मारा। मौत के बाद लाश को बाथरूम में ले गए। जहां साहिल ने दोनों हाथ और सिर काटकर धड़ से अलग किया। बॉडी को ठिकाने लगाने के लिए प्लास्टिक के ड्रम में टुकड़े डाले। फिर उसमें सीमेंट का घोल भर दिया। परिवार और पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए मुस्कान शिमला-मनाली चली गई। 13 दिन तक वह इंस्टाग्राम पर वीडियो-फोटो अपलोड करती रही, ताकि लोग यही समझते रहें कि वह लोग घूम रहे हैं। इस कत्ल से पर्दा तब हटा, जब 18 मार्च को सौरभ का छोटा भाई राहुल अपने भाई के ब्रह्मपुरी के इंदिरा सेकेंड स्थित घर पर पहुंचा। यहां उसने मुस्कान को एक लड़के (साहिल) के साथ घूमते देखा। भाई कहां हैं? पूछने पर सही जवाब मुस्कान नहीं दे सकी। घर के अंदर से बदबू भी आ रही थी। राहुल ने शोर मचाया, तब पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। पुलिस आई तो मर्डर का पता चला। पुलिस कस्टडी में मुस्कान और साहिल ने कत्ल की पूरी कहानी सुनाई है। ……………………………….. ये खबर भी पढ़िए- मेरठ में नीले ड्रम वाली मुस्कान का घर बिकाऊ है:मां-बाप का बिजनेस तबाह, भाई की नौकरी गई, अब शहर छोड़ेंगे मेरठ के सौरभ हत्याकांड के बाद 8 महीने से मुस्कान और उसका बॉयफ्रेंड जेल में हैं। मुस्कान का मायका ब्रह्मपुरी के इंद्रानगर में है। 5 नवंबर को घर पर लिखा गया ‘मकान बिकाऊ है’। मुस्कान के पिता प्रमोद रस्तोगी यहां अपनी पत्नी कविता, बेटे और बेटी के साथ रहते हैं। वो इस घर को बेचने के बाद कहां शिफ्ट होंगे। इसके जवाब में वह कहते हैं। पढ़ें पूरी खबर