मेरठ: पति ने पत्नी पर मारपीट का आरोप लगाया:शादी के बाद प्रताड़ना, समझौते के लिए 10 लाख रुपये मांगे

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के गांव गगोल से एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर मारपीट और पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित पति का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसकी पत्नी उसे प्रताड़ित कर रही है और अब समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग कर रही है। पीड़ित युवक अंकुश कुमार ने परतापुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी 11 जुलाई 2024 को हुई थी। शुरुआती दिन सामान्य रहे, लेकिन कुछ ही समय बाद पत्नी का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि पत्नी छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगी और विरोध करने पर मारपीट तक कर देती थी। अंकुश का यह भी कहना है कि पत्नी ने उसे कई बार झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी लगातार उस पर अलग रहने या समझौता करने का दबाव बना रही है और इसके बदले 10 लाख रुपये की मांग कर रही है। अंकुश एक साधारण परिवार से हैं और इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ हैं। लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। परतापुर थाना पुलिस ने बताया कि युवक की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला फिलहाल इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।