मेरठ पुलिस परीक्षा में परीक्षार्थी पर मिले फर्जी आधारकार्ड:चैकिंग टीम ने पकड़ा, मुकदमा दर्ज, जन्मतिथि में मिला 10 साल का अंतर

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में मेरठ में एक परीक्षार्थी फर्जी दस्तावेजों के साथ पेपर देते हुए पकड़ा गया है। परीक्षार्थी के पास 2 आधार कार्ड मिले हैं। दोनों ही आधार कार्ड पर उसकी जन्मतिथि अलग-अलग है। वहीं जांचटीम के सवाल पूछने पर परीक्षार्थी युवक दो आधार कार्ड अलग-अलग क्यों है इसका संतुष्ट जबाव नहीं दे पाया।
इसके चलते पुलिस ने उक्त परीक्षार्थी को अरेस्ट कर लिया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मेरठ कॉलेज मेरठ के सेंटर पर दे रहा था पेपर
परीक्षा के प्रभारी एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि रविवार 15 मार्च को पुलिस भर्ती परीक्षा की दूसरी शिफ्ट में मोनू सिंह पुत्र छोटेलाल जो भरतपुर थाना कांठ जिला मुरादाबाद का रहने वाला है। वो मेरठ कॉलेज मेरठ के सेंटर पर पेपर दे रहा था। परीक्षा के दौरान जब मोनू सिंह के कागजातों की जांच की गई तो उसके पास दो आधार कार्ड मिले। उसका डेटा मिसमैच था। दोनों ही आधार कार्ड में उसकी दो अलग-अलग जन्मतिथियां लिखी थीं। जब उससे इस अंतर का कारण पूछा तो पहले वो स्पष्ट जबाव नहीं दे सका। बाद में उसने स्वीकार करते हुए बताया कि दोनों आधारकार्ड में 10 साल उम्र का अंतर रखवाया गया है। ताकि वो लंबे समय तक परीक्षा में बैठ सके।
इस आधार पर उसके विरुद्ध लालकुर्ती थाने में सुसंगत धाराओं में अभियोग लिखवाकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। जन्मतिथियों में 10 साल का अंतर
मोनू सिंह से जांच टीम को जांच के दौरान दो आधार कार्ड मिले। इन आधार कार्ड पर जो जन्मतिथि लिखी थी उसमें 10 साल का अंतर था। एक आधार कार्ड में जन्मतिथि 02 अप्रैल 1994 अंकित है, जो उसकी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की अंकतालिकाओं में भी दर्ज है, जबकि दूसरे आधार कार्ड में जन्मतिथि 04 अगस्त 2004 लिखी पाई गई। अग्निवीर बनने के लिए बनवाया था फर्जी आधार
पूछताछ करने पर मोनू सिंह ने बताया कि उसने अग्निवीर भर्ती में आवेदन करने के उद्देश्य से अपनी वास्तविक आयु कम दिखाने के लिए जन्मतिथि में परिवर्तन कराया। इसके लिए उसने कक्षा-08 की एक फर्जी मार्कशीट तैयार कराई, जिसमें जन्मतिथि 02 अगस्त 2004 अंकित कराई गई थी। उसी फर्जी दस्तावेज के आधार पर उसने आधार कार्ड में अपनी जन्मतिथि परिवर्तित करवा ली। लालकुर्ती थाने में लिखा गया मुकदमा पुलिस ने मोनू सिंह से दोनों आधार कार्ड बरामद कर लिए हैं। उसके खिलाफ सरकारी अभिलेखों में धोखाधड़ीपूर्वक परिवर्तन कराने से संबंधित पाए जाने पर थाना लालकुर्ती जनपद मेरठ पर मु0अ0सं0-43/2026 धारा 336(4),340(2),318(4) बीएनएस पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।