मेरठ बस अड्डे पर रोडवेज बस ने बुजुर्ग को रौंदा:गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, चालक फरार

मेरठ के भैंसाली बस अड्डे पर बुधवार देर शाम एक रोडवेज बस ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को टक्कर मार दी। बस का अगला पहिया बुजुर्ग के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। बुजुर्ग अतर सिंह (निवासी अकबरपुर, इलाहाबाद) सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे। तभी गाजियाबाद डिपो की एक रोडवेज बस ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। अतर सिंह अपने नाती अनुज चौधरी (निवासी न्यू डिफेंस कॉलोनी, हस्तिनापुर) के घर से लौट रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अतर सिंह को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लोकप्रिय अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, बुजुर्ग की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि भैंसाली बस अड्डे पर रोडवेज बसों की तेज गति और असावधानी के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस संबंध में ठोस कदम उठाने की मांग की है।