मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस ने अवैध और नशीली दवाइयों के कारोबार का पर्दाफाश किया है। मुखबिर की सूचना पर सीओ ब्रह्मपुरी और टीपीनगर थाना पुलिस ने एक गोदाम पर छापा मारा, जहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित और संदिग्ध दवाइयों का जखीरा मिला। जिनकी कीमत 55 लाख रुपये बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक ‘छोटा हाथी’ वाहन भरकर अवैध और नशीली दवाएं बरामद कीं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन दवाइयों की आपूर्ति अवैध रूप से मेरठ सहित प्रदेश के अन्य जिलों और अन्य राज्यों में की जा रही थी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गोदाम मालिक तुषार गर्ग को गिरफ्तार कर लिया। तुषार गर्ग ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम का निवासी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि दवाइयों के स्रोत और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाया जा सके। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नारकोटिक्स टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम बरामद दवाइयों की जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि इनमें से कौन-कौन सी दवाएं प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध दवा कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।