मेरठ के दौराला क्षेत्र के सिवाया गांव के सामने NH- 58 पर सड़क पार कर रही गांव की ही महिला मुनेश देवी की शुक्रवार दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सड़क पार कर रही थी महिला
परिजनों के अनुसार, मुनेश देवी शुक्रवार को गांव के बाहर किसी कार्य से गई थीं और हाईवे पार कर रही थीं। इसी दौरान मेरठ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजनों ने देर शाम महिला का अंतिम संस्कार कर दिया फुट ओवर ब्रिज से बच जाता हादसा मौके पर पहुंचे ग्रामीण आकाश विहान, रोहित, नितिन आदि ने बताया कि सिवाया क्षेत्र में फुट ओवर ब्रिज या अंडरपास की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर हाईवे पार करना पड़ता है। उनका आरोप है कि यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव के बाहर अंडरपास या फुट ओवर ब्रिज बनवाने की मांग पहले भी की है, अगर ऐसा हो जाता तो हादसा नहीं होता। शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई इस संबंध में सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।