मेरठ में गैस लीकेज से मकान में लगी आग:इफ्तारी की तैयारी के दौरान हादसा, 5 लोग झुलसे

मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र के श्याम नगर में बुधवार देर शाम एक मकान में गैस लीकेज से आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा उस समय हुआ जब घर में रोजा इफ्तारी की तैयारी चल रही थी और किचन में पकौड़ी तलते समय अचानक गैस रिसाव हो गया। आग की चपेट में आकर 5 लोग मामूली रूप से झुलस गए। इफ्तारी की तैयारी के दौरान भड़की आग जानकारी के अनुसार श्याम नगर हरी मस्जिद के पास रहने वाले शाहिद पुत्र हमीद अपने परिवार के साथ रहते हैं और खाना बनाने का काम करते हैं। बुधवार को उनके बेटे अयान के ससुराल, देहली गेट क्षेत्र के कोटा बाजार से मेहमान ईदी देने आए हुए थे। इसी दौरान शाहिद की पत्नी रूबी किचन में इफ्तारी के लिए पकौड़ी तल रही थीं, तभी गैस लीकेज होने से अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही मकान में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे सूचना के बाद लिसाड़ी गेट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उस समय घर में करीब 25–30 लोग मौजूद थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। 5 लोग झुलसे, अस्पताल में भर्ती हादसे में रूबीना, गुलाफ्शां, फरहा, आहद और पड़ोस की सुहाना झुलस गईं। वहीं कुछ लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत हुई। सभी घायलों को तुरंत हापुड़ रोड स्थित राजधानी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आग की इस घटना में घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। घर में खड़ी बाइक, साइकिल, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और इनवर्टर बैटरी सहित करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा, हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ से समय रहते बड़ा हादसा टल गया।