मेरठ में चाइनीज मांझे के कारण एक कैंटीन संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रविवार देर शाम नौचंदी थाना क्षेत्र में हुई। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। नौचंदी क्षेत्र निवासी सत्य प्रकाश हापुड़ रोड पर कैंटीन चलाते हैं। रविवार देर शाम वे अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे। रास्ते में अचानक चाइनीज मांझा उनकी नाक और शरीर में उलझ गया। मांझे की चपेट में आने से सत्य प्रकाश स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना स्थल पर मौजूद उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी नईम अंसारी ने घायल सत्य प्रकाश को खून से लथपथ देखा। उन्होंने तुरंत अपनी स्कूटी से उन्हें गढ़ रोड स्थित युग हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद सत्य प्रकाश के परिजनों ने नौचंदी थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चाइनीज मांझा उड़ाने वाले व्यक्ति की तलाश में जुट गई है। गौरतलब है कि मेरठ में चाइनीज मांझे से पहले भी कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, और कुछ मामलों में लोगों की जान भी जा चुकी है। प्रशासन ने चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। पुलिस भी समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई करती रही है, लेकिन इसके बावजूद बाजारों में चोरी-छिपे चाइनीज मांझा बिक रहा है, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।