मेरठ में टैंकर में घुसी बाइक, छात्र की मौत:दो दोस्त जिंदगी और मौत के बीच, अस्पताल में चल रहा इलाज

मेरठ में टीपी नगर थाना क्षेत्र के पूठा गांव में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार में दौड़ रही पल्सर बाइक अचानक सड़क किनारे खड़े एक तेल टैंकर में जा भिड़ी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीन दोस्तों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर भागे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे में जान गंवाने वाला किशोर साहवेज (16) खडौली गांव का रहने वाला था। उसके साथ घायल हुए समर पुत्र अरुण और सुभान पुत्र सलाउद्दीन उर्फ सोनू भी उसी गांव के रहने वाले हैं। तीनों गांव के सरस्वती पब्लिक स्कूल में कक्षा सात के छात्र हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार शाम साहवेज अपने पिता की पल्सर बाइक लेकर दोस्तों के साथ घूमने निकला था। तीनों पूठा गांव की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे हिंदुस्तान ऑयल डिपो के पास पहुंचे, तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक तेल टैंकर में जा घुसी। भीषण भिड़ंत के बाद साहवेज का सिर सीधे टैंकर के पीछे लगे लोहे के बंपर से टकराया, जिससे वह मौके पर ही ढेर हो गया। पीछे बैठे समर और सुभान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों दर्द से तड़प रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलवाकर दोनों घायलों को सुभारती अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत बेहद गंभीर बताई है। दुर्घटना स्थल पर फैली बाइक के टुकड़ों को देखकर टक्कर की रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता था। पुलिस ने साहवेज की जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिए परिवार को हादसे की जानकारी दी। घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं टैंकर चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से हुई दुर्घटना का बताया जा रहा है।