मेरठ में ट्रक ने युवक को कुचला, मौत; VIDEO:पहले बाइक में मारी टक्कर, फिर सिर के ऊपर से निकला पहिया

मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के विकास पुरी निवासी 23 वर्षीय फुजैल की सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। यह घटना गुरुवार रात को हुई जब फुजैल अपनी बाइक से लालकुर्ती से घर लौट रहे थे। उन्हें एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फुजैल कोतवाली थाना क्षेत्र की भगत सिंह मार्केट में जूते की दुकान चलाते थे। हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार को सामने आया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि ट्रक का पहिया फुजैल के ऊपर से गुजर गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक चालक एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान फुजैल ट्रक की चपेट में आ गए। फुजैल दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।