मेरठ में आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पूरे जिले में फ्लैग मार्च निकाला। लालकुर्ती से लेकर देहात तक पुलिस बल की संयुक्त टीमों ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाया जा सके। यह फ्लैग मार्च लालकुर्ती, सिविल लाइन, सदर बाजार, कोतवाली, ब्रह्मपुरी, नौचंदी, लिसाड़ी गेट और लोहिया नगर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।
फ्लैग मार्च लालकुर्ती बड़े बाजार से शुरू होकर छोटा बाजार, पैठ बाजार, पीएल शर्मा रोड, बेगम बाग, बेगम ब्रिज, बच्चा पार्क, जीआईसी कॉलेज, आरजी कॉलेज और मेरठ कॉलेज होते हुए बेगम पुल पर समाप्त हुआ। लिसाड़ी गेट पुलिस ने हापुड़ रोड, गोला कुआं, भूमियापुल और पहलाद नगर जैसे क्षेत्रों में भी गश्त की। अन्य थानों की पुलिस ने भी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर रुककर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों व व्यापारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और त्योहारों को आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाएं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया। बाजारों में लोगों की भीड़ के बीच पुलिस की मौजूदगी से आमजन ने राहत महसूस की। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत होता है। पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह लगातार गश्त और निगरानी जारी रखी जाएगी। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि मेरठ में सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हों।