मेरठ पुलिस ने बुधवार शाम को एनएच-709ए स्थित भूनी टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार से एक तमंचा और 40 हजार रुपये बरामद किए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य तोमर पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह गोकुल विहार, रोहटा रोड, थाना टीपी नगर, मेरठ का निवासी है। उसका मूल निवास ग्राम परई, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर है। कार में मौजूद दूसरा युवक मोबाइल पर बात करने का बहाना बनाकर पास के गन्ने के खेतों में फरार हो गया। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि दिल्ली बम कांड के बाद एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा के आदेश पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम भी गठित की गई है।