मेरठ के जाकिर कॉलोनी में एक महिला को मकान से निकालने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पति और उसके परिजनों ने महिला व उसके मायके पक्ष के लोगों पर हमला किया। इस हमले में महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से पीटा गया था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता शहनाज ने बताया कि उसका विवाह 2015 में जाकिर कॉलोनी निवासी शहजाद से हुआ था। वैवाहिक विवाद के कारण 7 अक्टूबर 2025 को पति और ससुरालियों ने उसे बच्चों सहित घर से निकाल दिया था। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उसे पति के एक अधूरे मकान में रहने की अनुमति मिली, जिसे उसने मायके वालों की मदद से रहने लायक बनाया। शहनाज का आरोप है कि इसके बावजूद पति शहजाद, ससुर जुम्मा, सास साजो, देवर इरशाद व नवाब, देवरानी नईमा, निशा, मोहसीन और अजरा लगातार मकान खाली कराने का दबाव बना रहे थे और तलाक की धमकी दे रहे थे। 29 दिसंबर को ये सभी आरोपी हथियारों के साथ मकान पर पहुंचे और शहनाज पर हमला कर दिया। उस समय उसके मायके के लोग भी वहां मौजूद थे, जिन पर भी हमला कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। शहनाज ने यह भी आरोप लगाया कि उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। शहनाज की तहरीर के आधार पर लोहियानगर थाने में पति सहित नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।