मेरठ में महिला से छेड़छाड़:विरोध पर परिवार पर हमला, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र में एक महिला को परेशान करने और विरोध करने पर उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बावजूद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। इसी को लेकर शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने एसएसपी से शिकायत कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित युवक ने बताया कि 1 नवंबर को गांव का ही एक युवक उसके घर के दरवाजे की कुंडी बजाकर उसकी पत्नी को परेशान कर रहा था। उस समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। शाम को जब पति घर लौटा और उसने इस बात की शिकायत आरोपी किशोर के पिता से की, तो आरोपी भड़क गया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। पीड़ित परिवार ने इंचौली थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गिरफ्तारी न होने के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार परिवार को धमकियां दे रहे हैं। इसी स्थिति को देखते हुए पीड़ित परिवार शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी ने पीड़ित परिवार को जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।