मेरठ में शहीद के पिता से ठगी:सीआरपीएफ जवान के बुजुर्ग पिता को मुआवजे के नाम पर लूटा

मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में एक शहीद सीआरपीएफ जवान के बुजुर्ग पिता से 70 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को जवान का दोस्त बताकर मुआवजे की राशि दिलाने का झांसा दिया और बुजुर्ग यशपाल से नकदी, मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। यह घटना सोमवार दोपहर को हुई। गांव नंगली साधारण निवासी 56 वर्षीय किसान यशपाल के बेटे जितेंद्र कुमार दो महीने पहले जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए थे। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे यशपाल घर पर अकेले थे, जबकि उनका बड़ा बेटा गजेंद्र खेत पर गया हुआ था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनके घर पहुंचा। उसने खुद को शहीद जितेंद्र का दोस्त बताया और कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि उनके बेटे के खाते में आ चुकी है। इसे निकलवाने के लिए बैंक जाना होगा। यशपाल युवक की बातों पर विश्वास कर अपनी मोटरसाइकिल पर उसके साथ सकोती स्थित स्टेट बैंक पहुंचे। बैंक में युवक ने बहाने से यशपाल के खाते से 70 हजार रुपये निकलवा लिए। कुछ देर बाद युवक ने यशपाल से कहा कि वह शेष राशि लेकर आता है और उनके हाथ में रखे 70 हजार रुपये भी अपने पास ले लिए। इसके बाद वह यशपाल की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लेकर मौके से गायब हो गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो यशपाल को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत सकोती पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बुजुर्ग यशपाल की तहरीर पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। इस घटना के बाद शहीद के परिवार में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है। दौराला सीओ प्रकाश चंद अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।