मेरठ में 6 दिसंबर को हाई अलर्ट:शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात, सुरक्षा कड़ी

मेरठ में 6 दिसंबर को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे जिले को हाई अलर्ट पर रखा है। संभावित संवेदनशील स्थितियों के मद्देनजर प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को हाई-टेक बनाया है। इसमें ड्रोन सर्विलांस, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और लगातार मोबाइल पेट्रोलिंग शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, जिले के सभी अति संवेदनशील और संवेदनशील बिंदुओं को चिह्नित कर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। हर गतिविधि पर विशेष नजर रखी जा रही है। एसएसपी के निर्देश पर पीएसी, क्यूआरटी, घुड़सवार पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी सक्रिय किया गया है। इन सभी टीमों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात कर त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। साइबर सेल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि सोशल मीडिया पर किसी भी अफवाह, भ्रामक जानकारी या भड़काऊ पोस्ट को तुरंत ट्रेस कर कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को देने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जिले में सुरक्षा इंतजाम मजबूत हैं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।