मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ओमनी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी किराना दुकान में जा घुसी। इस हादसे में दुकान को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यह हादसा करीमगंज रोड पर देर शाम हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकान का लोहे का फ्रेम, जाली और बाहर बने तीनों शेड पूरी तरह टूटकर धराशायी हो गए। दुकान मालिक प्रशांत पांडे ने बताया कि वह अपनी दुकान बंद करके घर जा चुके थे। इसी दौरान यूपी 84 क्यू 0945 नंबर की ओमनी कार का चालक, जो कथित तौर पर शराब के नशे में था, तेज गति से आते हुए दुकान में घुस गया। स्थानीय लोगों ने जोरदार आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर देखा कि कार दुकान के अंदर तक जा चुकी थी। लोगों ने चालक को शराब के नशे में वाहन चलाने के लिए फटकार लगाई। स्थानीय लोगों की मध्यस्थता के बाद, चालक ने आधे नुकसान की भरपाई करने पर सहमति व्यक्त की, जिसके बाद दुकान मालिक ने पुलिस कार्रवाई नहीं की। फिलहाल इस हादसे की चर्चा पूरे क्षेत्र में है और स्थानीय लोग ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी निगरानी तथा पुलिस गश्त की मांग कर रहे हैं।