मैनपुरी में 11 घंटे में दो सगे भाइयों की मौत:एक साथ उठी अर्थी, छोटे भाई की मौत पर सदमे गई जान

मैनपुरी में दो सगे भाइयों की 11 घंटे के अंतराल में मौत हो गई। मंगलवार को 39 वर्षीय आदेश और उनके बड़े भाई 45 वर्षीय शील कुमार कठेरिया की अर्थियां एक साथ उठीं और पास-पास उनकी चिताएं जलाई गईं। मामला थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम टिंडौली का है। कैंसर से जूझ रहे थे आदेश परिजनों के अनुसार, आदेश पिछले दो वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उनके बड़े बेटे ऋषभ ने बताया कि ग्वालियर में जांच के दौरान उन्हें गले का कैंसर बताया गया था। करीब चार महीने तक इलाज चला, लेकिन विशेष राहत नहीं मिली। बाद में जांच में फेफड़े का एक हिस्सा गंभीर रूप से खराब होने की बात सामने आई। हालत बिगड़ने पर उन्हें सैफई लाया गया और वहां से पीजीआई ले जाया जा रहा था। सोमवार शाम करीब 6 बजे रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पत्नी सुंदरी के मुताबिक, इलाज के लिए परिवार ने तीन बीघा जमीन 6.5 लाख रुपए में बेच दी थी और करीब तीन लाख रुपए का कर्ज भी लिया था। छोटे भाई का सदमा सह न सके शील कुमार सोमवार रात आदेश का शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़े भाई शील कुमार, जो दन्नाहार थाने में चौकीदार के पद पर तैनात थे, सूचना मिलते ही पहुंचे। छोटे भाई का शव देखते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी भी मौत हो गई। शील कुमार चार भाइयों में सबसे बड़े थे, जबकि आदेश तीसरे नंबर पर थे। शील कुमार के पांच बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी शिवानी का विवाह हो चुका है। परिवार के दो कमाने वाले सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों पर गहरा आर्थिक संकट आ गया है। गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम है।