मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता की हत्या:गोरखपुर में 4 हमलावरों ने 20-25 चाकू मारे, बचने के लिए खून से लथपथ 100 मीटर तक भागे

गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता की हत्या कर दी गई। 4 बदमाशों ने घर से 500 मीटर दूर उन्हें घेर लिया। सिर, सीने और चेहरे पर 20 से 25 बार चाकू मारे। घायल होने के बाद भी भाजपा नेता करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर फिर हमला कर दिया। हमलावर कुछ देर तक वहीं रुके रहे और उनके मरने का इंतजार करते रहे। तसल्ली होने के बाद वहां से भाग गए। घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह साढ़े 5 बजे हुई। यहां से गोरखनाथ मंदिर की दूरी करीब 5 किमी है। भाजपा नेता राजकुमार चौहान (42) की मौत की सूचना पर पहुंचीं उनकी पत्नी सुशीला रोते-रोते बेहोश हो गईं। राजकुमार की बहन मोहनी ने कहा- जान के बदले जान चाहिए। परिवार कौन चलाएगा? भतीजी को सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए। उधर, वारदात के बाद 500 से ज्यादा लोग जुट गए और गोरखपुर-सोनौली रोड जाम कर हंगामा किया। सूचना पर 10 थानों की फोर्स पहुंची और लोगों को लाठी फटकार कर हटाया। पुलिस ने बताया कि 7 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पत्नी की शिकायत पर 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि ओबीसी समुदाय से आने वाले राजकुमार 2027 में बस्ती से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वह भाजपा से टिकट मांग कर रहे थे। उन्हें राज्यसभा सांसद राधामोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता था। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए- घर से निकलने के 30 मिनट बाद हत्या राजकुमार चौहान बरगदवा इलाके में रहने वाले जंगी चौहान के इकलौते बेटे थे। उनकी 18 साल पहले शादी हुई थी। उनकी 2 बेटियां- सोनम (17) और प्रियंका (13) हैं, जबकि 12 साल का बेटा युवराज है। उनकी 4 बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। राजकुमार साल- 2018 से 2023 तक पार्षद प्रतिनिधि रहे। उन्होंने अपने ड्राइवर वीरेंद्र चौहान की पत्नी रिंकी देवी को पार्षद बनवाया था। बाद में रिंकी देवी ने भाजपा को समर्थन दे दिया था। एक साल पहले राजकुमार मारपीट के मामले में जेल भी गए थे। घरवालों के मुताबिक, राजकुमार हर दिन मॉर्निंग वॉक पर जाते थे। मंगलवार को भी सुबह 5 बजे घर से निकले थे। 30 मिनट बाद पता चला कि उनकी हत्या हो गई। हंगामे की 2 तस्वीरें- प्रत्यक्षदर्शी बोले-हमलावरों ने घेरा, ताबड़तोड़ चाकू मारे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 4 हमलावर पैदल पहुंचे और पीछे से राजकुमार को घेर लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते, उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने के बाद वे खुद को बचाकर भागे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। 100 मीटर दूर पकड़कर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। सूचना मिलते ही घरवाले पहुंचे और उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है, हमलावर गाड़ी कुछ दूर पर खड़ी कर पैदल घटनास्थल तक पहुंचे थे। पत्नी रोते हुए घटनास्थल पर पहुंचीं, धरने पर बेहोश हुईं वारदात के बाद पत्नी सुशीला देवी रोते हुए मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा- गांव में दुश्मनी थी। एक बार झूठा फंसा दिया था, एक महीने की जेल काटकर आए थे। रंजिश में उनकी हत्या कर दी। पुलिसकर्मी कुछ बता नहीं रहे, सिर्फ मुकदमा लिखवाने की बात कर रहे हैं। उन लोगों ने मेरे पति की चेन भी लूट ली है। इसी बीच, पार्षद के समर्थक और आसपास के लोग जुट गए। भीड़ ने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दी। पत्नी सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगीं। वह रोते-रोते बेहोश होकर गिर गईं। परिवारवाले पानी के छींटें मारकर उन्हें होश में लाए। अब 3 तस्वीरों में परिवार का हाल देखिए- भीड़ ने सड़क जाम की, पुलिस ने लाठी फटकारकर जाम खुलवाया
वारदात के बाद 500 से ज्यादा लोगों ने सोनौली मार्ग जाम कर दिया। भीड़ पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। इसके बाद 10 से ज्यादा थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक समझाया, लेकिन परिवारवाले जाम खोलने पर राजी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि जब तक डीएम नहीं आते, जाम नहीं खोलेंगे। प्रदर्शन के चलते लंबा जाम लग गया। इसे देखते हुए पुलिस ने लाठी फटकारकर लोगों को हटाया। पत्नी सुशीला ने चिलुआताल थाना में 8 नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR कराई है। नामजद में गांव के दीपक गौड़, धर्मदेव चौहान, लालजी यादव, धर्मपाल चौहान, अमर सिंह चौधरी, मोनी पांडेय, सत्येंद्र चौधरी, अभय पांडेय शामिल हैं। राजकुमार चौहान के घर पहुंचे भाजपा नेता डॉ. राधा मोहन अग्रवाल ने परिजनों से मुलाकात की। घर पर राजकुमार की लाश रखकर परिजन न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। राजकुमार की लाश ले जाने के लिए गाड़ी सजाई गई है । इसी गाड़ी में शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा। मृतक राजकुमार चौहान के घर कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान पहुंचे। डॉ राधा मोहन अग्रवाल और दारा सिंह चौहान पुलिस अधिकारियों और परिजनों से बातचीत की। इस दौरान डॉ. राधा मोहन अग्रवाल ने कहा- पार्लियामेंट छोड़कर आया हूं, जो इस हत्याकांड के आरोपियों को बचाने आएगा उसको राज्य सभा में नंगा कर दूंगा। दो एंगल से हत्याकांड की जांच हो रही 7 लोग हिरासत में; जांच में जुटीं 8 पुलिस टीमें
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि राजकुमार चौहान पर जानलेवा हमला किया गया। घरवालों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। इसमें 8 लोगों को नामजद किया गया है। 7 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के लिए 8 पुलिस टीमें लगाई गई हैं, जो इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में है। अखिलेश यादव बोले- यूपी में लॉ एंड ऑर्डर को गोली मारी गई
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने हमले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने X पर लिखा- यूपी में लॉ एंड ऑर्डर को ही गोली मार दी गई है। अब भाजपाई ‘आस्तीनी अपराधी’ ही भाजपा सरकार का एनकाउंटर कर रहे हैं, जिन्हें भाजपाइयों ने भूमिगत तरीके से पाला-पोसा है। मुख्य नगर गोरखपुर में दिनदहाड़े हुआ यह हत्याकांड बता रहा है कि बेखौफ अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है। जनता समझदार है। राजकुमार ने फेसबुक पर 18 घंटे पहले पोस्ट किया था
राजकुमार चौहान के फेसबुक पर 40K फॉलोअर्स हैं, जबकि वे 25 लोगों को फॉलो करते थे। उन्होंने 16 मार्च को सुबह 11 बजकर 5 मिनट पर आखिरी पोस्ट की थी। इसमें लिखा-अकेले चलने का हुनर रखता हूं, दिल और जिगर दोनों मजबूत रखता हूं। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने अपने पिता के लिए लिखा था-पिता एक वट वृक्ष हैं, जो अपनी छांव में पूरे परिवार को सुरक्षित रखते हैं। 5 दिन पहले राज्यसभा सांसद के साथ रील पोस्ट की थी
राजकुमार ने 5 दिन पहले राज्यसभा सांसद राधामोहन अग्रवाल के साथ एक रील पोस्ट की थी। इसमें लिखा था- हमारे प्रिय गुरुजी, राज्यसभा सांसद जी। इससे पहले 9 मार्च को उन्होंने कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के साथ भी एक रील पोस्ट की थी। 16 मार्च को लाइव आए थे राजकुमार चौहान
राजकुमार चौहान 16 मार्च को फेसबुक पर लाइव आए थे। वह 28 मिनट तक लाइव रहे। इस दौरान उन्होंने कहा- आप सभी साथियों को जय-जय श्रीराम। लाइव के दौरान एक युवक ने सवाल किया था- चौहानों में एकता नहीं है। इस पर उन्होंने जवाब दिया- ऐसा कुछ नहीं है, आपके साथ जो भी किसी जाति के लोग हों, वही अपने हैं। ——————– ये खबर भी पढ़ें- 1- आगे बढ़ता देखकर जलते थे, गांव में ही दुश्मन थे:पूर्व पार्षद राजकुमार की पत्नी का आरोप; कहा- अब हम कैसे रहेंगे
पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या के बाद उनकी पत्नी सुशीला चौहान का रो-रो कर बुरा हाल है। वह सड़क पर बैठी रो रही हैं और परिवार की महिलाएं उन्हें संभालने में जुटी हैं। सुशीला ने बताया कि राजकुमार को आगे बढ़ता देखकर गांव के ही कुछ लोग जलते थे। इसी जलन में उन्होंने उनकी हत्या की है। पढ़ें पूरी खबर 2- BJP नेता का हत्या से पहले फेसबुक पर आखिरी पोस्ट, लिखा- अकेले चलने का हुनर रखता हूं, दिल और जिगर दोनों मजबूत रखता हूं
गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले BJP नेता की हत्या कर दी गई। हमले के बाद पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर दोबारा हमला किया और मरने के बाद वहां से भागे। हत्या से18 घंटे पहले राजकुमार चौहान फेसबुक पर आखिरी पोस्ट किया। लिखा- अकेले चलने का हुनर रखता हूं, दिल और जिगर दोनों मजबूत रखता हूं। पढ़ें पूरी खबर