मोबाइल टॉवर के विरोध में लगा दिए पलायन के पोस्टर:ब्रह्मपुरी की फ्रैंड्स कालोनी में लोगों का विरोध, बोले- कभी भी हो सकता है हादसा

मेरठ में एक मोबाइल टॉवर हंगामे की वजह बन गया। लोग सड़क पर उतर आए। देखते ही देखते मकानों पर पलायन के पोस्टर भी लग गए। उनका आरोप था कि अवैध रूप से मोबाइल टॉवर लगाकर उनके परिवारों की जान को संकट में डाला जा रहा है। पहले जानते हैं क्या है मामला मामला ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कालोनी का है। यहां चार मंजिला मकान पर मोबाइल टॉवर लगाने का काम किया जा रहा है। लोगों को इसका पता चला तो वह विरोध में खड़े हो गए। मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब टॉवर लगाने वाले ने लोगों को धमकाना शुरु कर दिया। चार इंच की दीवार पर टॉवर क्षेत्रीय निवासी जुल्फीकार का कहना था कि 50 गज पर मकान बना है। तीन मंजिल बनाई हुई हैं। तीसरी मंजिल की छत पर यह टॉवर रखा जा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि चार इंच की दीवार पर मकान खड़ा है। कभी भी हादसा हो सकता है। विरोध में लगा दिए पोस्टर देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया। जिस व्यक्ति का यह मकान है, वह खुद को भाजपा नेता बताता है। लोगों ने जब टॉवर पर आपत्ति की तो वह अभद्रता पर उतर आया। आरोप है कि उसने खुद को भाजपा नेता बताकर धमकाना शुरु कर दिया। इसके बाद लोगों ने विरोध में पलायन के पोस्टर लगा दिए। बीमारी का बढ़ रहा खतरा क्षेत्रीय निवासी सिकंदर ने बताया कि एक टॉवर काफी पुराना है। वह जब रखा गया था, जब यहां आबादी नहीं थी। अब यहां आबादी है। टॉवर कमजोर बिल्डिंग पर लग रहा है, जिससे हादसे का खतरा है। सबसे बड़ी बात यह है कि टॉवर से निकलने वाली रेडिएशन लोगों को बीमार बना रही हैं। पहले से दिक्कत है। अब और दिक्कत हो जाएगी।