CEIR सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटी रजिस्टर पोर्टल पर सर्वश्रेष्ठ रिकवरी करने के लिए आजमगढ़ पुलिस को पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल हुआ है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में से आजमगढ़ पुलिस को हिमांचल प्रदेश के सोलन जिले में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान डीजी टेलीकॉम सुनीता चंद्रा ने आजमगढ़ के एसपी ग्रामीण चिराग जैन को प्रदान किया। इस सम्मान समारोह में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने पूरे प्रदेश से आए अधिकारियों को अपना प्रेजेंटेशन देते हुए बताया कि किस तरह से आजमगढ़ पुलिस ने समन्वित टीमवर्क, तकनीकी दक्षता, त्वरित कार्रवाई और नागरिक सहभागिता के माध्यम से मोबाइल रिकवरी में सफलता प्राप्त की है। CEIR पोर्टल पर दर्ज गुम और चोरी मोबाइल ट्रैकिंग मामलों का त्वरित निस्तारण कर, नागरिकों को समयबद्ध राहत प्रदान की गई। इस बारे में जिले के एसपी ग्रामीण चिराग जैन का कहना है कि निश्चित रूप से जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन खो जाते हैं। वह अपनी शिकायत दर्ज करा देते थे। जिनकी मॉनिटरिंग करके ऐसे मोबाइल को रिकवर किया जाता था और प्रत्येक महीने के पहले रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में उपभोक्ताओं को उनके मोबाइल सुपुर्द किए जाते हैं। ऐसे में बहुत से ऐसे उपभोक्ता होते हैं जो अपने खोए हुए मोबाइल को जब पाते है तो पुलिस को धन्यवाद भी ज्ञापित करते हैं। हिमांचल प्रदेश में आयोजित इस कार्यक्रम में देश भर के सभी राज्यों के सबसे अधिक मोबाइल रिकवर करने वाले जिलों के पुलिस अधिकारियों को बुलाया गया था। इसी क्रम में आजमगढ़ जिले का नेतृत्व जिले के एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने किया। आम नागरिकों का विश्वास जीतना मकसद इस बारे में जिले के एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने कहा कियह सम्मान आजमगढ़ पुलिस के हर उस अधिकारी व कर्मी के परिश्रम और तकनीकी दक्षता का परिणाम है। जिन्होंने तकनीक को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया। हमारा लक्ष्य केवल मोबाइल बरामद करना नहीं, बल्कि नागरिकों का विश्वास अर्जित करना है। इसलिए किया गया पुरस्कृत आजमगढ़ जिले के पूर्व एसएसपी रहे अनुराग आर्य ने फरवरी 2024 से मोबाइल रिकवरी अभियान का शुभारंभ किया था। इस अभियान के तहत फरवरी 2024 से अब तक कुल 2445 एण्ड्रॉइड मोबाइल फोन (वर्ष 2024 से अब तक), जिनकी कुल कीमत लगभग 6 करोड़ 11 लाख है को बरामद कर स्वामियों को सुपुर्द किया जा चुका है। वर्ष 2025 में अब तक 1194 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। 2 नवंबर को 177 एण्ड्रॉइड मोबाइल फोन (कीमत लगभग 44 लाख) की बरामदगी कर स्वामियों को सुपुर्द किया गया। यह उपलब्धि प्रोएक्टिव टेक्निकल ट्रेसिंग सिस्टम, थाना-स्तरीय CEIR नोडल अधिकारी प्रणाली तथा नागरिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से संभव हुई है।