महोबा के कबरई थाना क्षेत्र में श्याम सुंदर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पत्नी और उसके भांजे को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि तीन बच्चों की मां ने अपने भांजे के साथ मिलकर अवैध संबंधों के चलते पति की हत्या की थी। मृतक का शव करीब 20 दिन पहले एक सुनसान इलाके में क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ था। मृतक की पहचान श्याम सुंदर सैनी के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार, श्याम सुंदर की पत्नी गोमती और उसके भांजे सुजीत के बीच पिछले 8 महीने से अवैध संबंध थे। इसी को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। 10 दिसंबर की रात दोनों ने मिलकर श्याम सुंदर का रस्सी से गला घोंट दिया। पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया। जहां 11 दिसंबर को उसका शव बरामद हुआ था। मामले में बेटे कृष्णकांत ने अपनी मां और भांजे पर शक जताते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। उसने बताया था कि घर में चल रहे विवाद और झगड़ों के चलते उसके पिता की हत्या की साजिश रची गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। जिसमें सारा सच सामने आ गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी, पत्थर और ईंट भी बरामद कर ली गई है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि जांच में पत्नी और भांजे की संलिप्तता पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है