शाहजहांपुर में एक युवती ने अपने ही पिता पर आग लगाकर जलाने का गंभीर आरोप लगाया है। झुलसी हालत में युवती को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। घटना रोजा थाना क्षेत्र के अहमदपुर टिक्कल गांव की है। जो मंगलवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पिता ने उस पर जान से मारने की नीयत से आग लगा दी। युवती की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे किसी तरह बचाकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता पहले भी तीन बार उसकी हत्या की कोशिश कर चुके हैं। एक बार कुल्हाड़ी से हमला किया गया था, जबकि दूसरी बार उसकी गर्दन पर हसिया रख दिया गया था। दोनों बार उसकी मां ने बीच-बचाव कर जान बचाई थी। मंगलवार की घटना में उसका भाई मौके पर पहुंचा और उसे आग से बचाया। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्री के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। पीड़िता का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद उसके पिता और अन्य परिजन थाने में शिकायत न करने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि एक युवती द्वारा अपने पिता पर आग लगाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि लिखित तहरीर मिलने के बाद उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।