यूजीसी नियमों के विरोध में दिल्ली जा रहे नेता रोके:पुलिस ने फिरोजाबाद में घर पर ही किया नजरबंद

फिरोजाबाद में यूजीसी के कथित नए नियमों के विरोध में दिल्ली में प्रस्तावित सवर्ण समाज के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कुछ सामाजिक और संगठनात्मक पदाधिकारियों को पुलिस ने शनिवार को उनके घरों पर ही रोक दिया। पुलिस की इस कार्रवाई पर संबंधित नेताओं ने नाराजगी व्यक्त की है। राष्ट्रीय युवा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. श्रीकांत उपाध्याय ने आरोप लगाया कि दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए निकलने से पहले ही श्रीराम कॉलोनी, देवलिया स्थित उनके आवास पर थाना उत्तर पुलिस पहुंच गई। उन्होंने बताया कि चौकी इंचार्ज एसआई अनुज तिवारी और एसआई जयप्रकाश शर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया।
पं. श्रीकांत उपाध्याय ने कहा कि सवर्ण समाज यूजीसी के ‘काले नियमों’ के खिलाफ अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने से रोक रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन नियमों को पूरी तरह समाप्त करने की घोषणा नहीं करते, तब तक आंदोलन कानूनी दायरे में जारी रहेगा।
इसी क्रम में, गांव रजावली में करणी सेना के युवा प्रदेश अध्यक्ष निकुंज ठाकुर को भी थाना पुलिस द्वारा उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में उनकी संभावित भागीदारी को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया। संबंधित नेताओं का कहना है कि वे अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे और यूजीसी के नियमों के खिलाफ आंदोलन आगे भी चलता रहेगा। वहीं, पुलिस सूत्रों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।