लखनऊ के आलमबाग में रहने वाले एक बुजुर्ग के यूपीआई अकाउंट से साइबर ठगों ने 8 लाख 14 हजार रुपये उड़ा दिए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित के मोबाइल पर न कोई ओटीपी आया, न ही उन्होंने किसी लिंक पर क्लिक किया। इसके बावजूद जालसाज 12 से 30 अक्टूबर के बीच रकम निकालते रहे और पीड़ित को भनक तक नहीं लगी। आनंद नगर, पुराना जेल रोड निवासी प्रेम नारायण पांडेय 1 दिसंबर को पासबुक अपडेट कराने बैंक ऑफ बड़ौदा की पटेल नगर शाखा पहुंचे। एंट्री निकलते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाते से लाखों की निकासी देखकर उन्हें साइबर फ्रॉड का पता चला। प्रेम नारायण ने तुरंत साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई और उसके बाद आलमबाग थाने में तहरीर दी। उनका कहना है कि उन्होंने किसी के साथ बैंक डिटेल साझा नहीं की थी। न कॉल आया, न संदिग्ध लिंक—फिर भी पैसे निकल गए। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र के मुताबिक, मामले में आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस साइबर तरीके से हुए इस फ्रॉड की जांच कर रही है।