यूपी की बड़ी खबरें:इकरा हसन से निकाह कबूल…कहने वाला अरेस्ट, मुरादाबाद में पेट्रोल पंप पर की गुंडई

कैराना की सपा सांसद इकरा हसन के बारे में अभद्र टिप्पणी करने वाले करणी सेना के उपाध्यक्ष ठाकुर योगेन्द्र सिंह राणा को मुरादाबाद पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। हालांकि, राणा की अरेस्टिंग फिलहाल इकरा मामले में नहीं बल्कि पुलिस वालों से मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में की गई है। खुद को करणी सेना का उपाध्यक्ष बताने वाला योगेंद्र राणा मुरादाबाद की कुंदरकी सीट से भाजपा के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह का करीबी है। जमीनों पर कब्जों के मामलों में भी योगेंद्र राणा का नाम खूब उछला है। 19 जुलाई को योगेंद्र राणा ने कहा था कि मुझे इकरा हसन से निकाह कबूल है …कबूल है… कबूल है। पढ़ें पूरी खबर… ग्रेटर नोएडा निक्की हत्याकांड में जेठ की जमानत खारिज, 500 पन्नों की चार्जशीट में खुला राज ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में हुए चर्चित निक्की भाटी हत्याकांड में आरोपी जेठ रोहित भाटी की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सत्र न्यायालय में सुनवाई हुई। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद जमानत याचिका खारिज कर दी। निक्की के परिजनों की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता उधम सिंह तोगड़ और दिनेश कुमार कलसन ने बताया कि कासना कोतवाली पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल होने के बाद यह सुनवाई हुई। उन्होंने अदालत को बताया कि हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी और इस साजिश में पूरा परिवार शामिल है। पढ़िए पूरी खबर… लखनऊ में भतीजे ने चाचा को मार डाला, बाप के सामने तमंचा निकालकर मारी गोली लखनऊ में भतीजे ने चाचा को मार डाला। जमीन विवाद को लेकर अपने बाप के सामने ही तमंचे से गोली मार दी। दृष्टिहीन चाचा भाई-भतीजे से नाराज होकर ननिहाल में रह रहा था। भतीजा अपने पिता के साथ उनको घर वापस ले जाने आया था। घटना के बाद बाप-बेटे फरार हो गए। घटना दुबग्गा थाना क्षेत्र स्थित ताड़खेड़ा गांव में शुक्रवार शाम सात बजे हुई। मृतक की पहचान मानक नगर के रहने वाले वीरेंद्र कुमार यादव (48) के रूप में हुई है। वीरेंद्र पिछले छह महीने से ननिहाल ताड़खेड़ा में रह रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… सपा बोली- भाजपा संविधान निर्माता से नफरत करती है, अंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान का हॉल रद्द डॉ. भीमराव अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस (6 दिसंबर 2025) पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाली श्रद्धांजलि सभा की अनुमति निरस्त किए जाने पर सपा ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। आरोप लगाया कि भाजपा संविधान के निर्माता से नफरत करती है। ये दलित जागृति को कुचलने की साजिश है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में सांसद आरके चौधरी, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और समाजवादी बाबा साहेब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस निर्णय का विरोध किया। कहा कि भाजपा सिर्फ वोट के लिए बाबा साहेब का नाम लेती है। दिल से तो आरएसएस-भाजपा आज भी मनुस्मृति चाहती है। पढ़िए पूरी खबर… प्रयागराज में वकील को बीच चौराहे पर 2 गोली मारी, लखनऊ में आग का गोला बनी कार प्रयागराज में वकील को उनके ही भतीजे ने प्रॉपर्टी विवाद में 2 गोलियां मारीं। एक कंधे को छूती हुई निकल गई, दूसरी जांघ में लगी। बीच चौराहे पर फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आनन-फानन में वकील को स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात तेलियरगंज के बाबा चौराहे पर गुरुवार देर शाम हुई। विजय कांत पांडेय जिला कोर्ट में वकील हैं। पूरी खबर पढ़िए मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर एक्सीडेंट में 3 की मौत: सवारियों से भरे टैंपो को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला; 5 लोग सवार थे मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर कुंदरकी थाना क्षेत्र में सवारियों से भरे एक टैंपो को किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में टैंपो के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार 5 में से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से भाग निकला। हादसा कुंदरकी के पास भीकनपुर की पुलिया पर गुरुवार को रात करीब 12 बजे हुआ। मरने वालों में ज़ैद(20 साल) पुत्र लियाकत हुसैन निवासी पैंठ बाजार कुन्दरकी, कृष्ण (18 साल) पुत्र राजेन्द्र निवासी भीतर गांव, शाहबाद रामपुर और सुल्तान(25 साल) पुत्र शमशाद निवासी गुलाबबाड़ी थाना कटघर मुरादाबाद शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर… लखनऊ में 2 गाड़ियों में लगी आग; टेढ़ी पुलिया चौराहे पर कार बनी आग का गोला, दूसरी बाइक से टकराने पर अपाचे जलकर राख लखनऊ में अलग-अलग जगह 2 गाड़ियों में आग लग गई। गुडंबा में टेढ़ी पुलिया चौराहे के पास कार में अचानक आग लग गई। कार सवार ने कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं घैला पुल के पास दो बाइक में टक्कर के बाद आग लग गई। दोनों घटनाओं में मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पा लिया है। लखनऊ में गुरुवार शाम करीब 8 बजे टेढ़ी पुलिया के पास चलती कार में अचानक से धुआं उठने लगा। देखते ही देखती कार आग का गोला बन गई। मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। वहां मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया। पढ़िए पूरी खबर गोरखपुर में झूठ बोलकर युवती को फंसाया; दूरी बनाई तो शादीशुदा युवक ने वायरल कर दी अश्लील फोटो-वीडियो गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में एक युवती को ब्लैकमेल कर पैसा वसूलने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया। गुरुवार को गोरखनाथ पुलिस ने आरोपी अहमदनगर, चक्सा हुसैन निवासी समीर खान उर्फ जिगर खान (26) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ है। गोरखनाथ थाना प्रभारी शशिभूषण राय ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पढ़िए पूरी खबर औरैया में NIA की बड़ी छापेमारी, पेट्रोल पंप मालिक कमल वर्मा के पंप समेत कई प्रतिष्ठानों पर जांच जारी औरैया में गुरुवार तड़के NIA की 15 से ज्यादा टीमों ने पेट्रोल पंप संचालक और नैना इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक कमल वर्मा के घर, पंप और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की है। टीम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और पैसों के लेन–देन से जुड़े कागजात खंगाले। छापेमारी के दौरान NIA टीम के साथ बम स्क्वायड और भारी पुलिस बल भी तैनात है। सभी स्थानों की घेराबंदी कर अधिकारियों ने कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई एक संवेदनशील इनपुट के आधार पर की जा रही है, जिसे दिल्ली ब्लास्ट केस से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि किसी ने मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है। कमल वर्मा के एक कर्मचारी को बीते दिन हजारों अवैध कारतूसों के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद NIA ने वर्मा परिवार के सभी ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। फिलहाल NIA टीमें जांच में लगी हुई हैं और किसी अधिकारी ने कार्रवाई से जुड़े सवालों पर टिप्पणी करने से मना किया है। जांच पूरी होने के बाद ही एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर जौनपुर में खाना बनाते समय सिलेंडर फटा, एक ही परिवार के चार लोग घायल जौनपुर में गैस सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के हिनौती गांव में खाना बनाते समय हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को घर से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों में 40 वर्षीय मुन्नू (पुत्र सुलेमान), 14 वर्षीय मेराज (पुत्र मुन्नू अहमद), 17 वर्षीय साहिल पुत्र सलीम और समीना पत्नी मुन्नू अहमद शामिल हैं। ये सभी हिनौती गांव के रहने वाले हैं। पढ़िए पूरी खबर