यूपी की बड़ी खबरें:नोएडा में बंद मकान के बेसमेंट में धर्म परिवर्तन, 5 साल से चल रहा था खेल, टैक्सी ड्राइवर अरेस्ट

ग्रेटर नोएडा से धर्मांतरण का मामला सामने आया है। यहां एक मकान के बेसमेंट में क्रिश्चियन प्रार्थना सभा में धर्म परिवर्तन की शिकायत पर पुलिस पहुंची। वहां 40 से 50 लोग मौजूद मिले। उन लोगों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें पकड़कर पूछताछ की, लेकिन कोई सही जवाब नहीं दे सका। एक कमरे से बड़ी मात्रा में धार्मिक पुस्तकें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। इसमें दो पुरुष और दो महिला हैं। पूछताछ के बाद दो को अरेस्ट कर लिया गया है। इनमें एक टैक्सी ड्राइवर है। यह पूरा मामला बीटा 2 थाना क्षेत्र के सेक्टर 36 का है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पूरी खबर पढ़ें मेरठ में गेम खेलते समय युवक के दिमाग की नस फटी, BP 300 के पार हुआ; मौत मेरठ में 22 साल के मोहम्मद कैफ की ऑनलाइन गेम खेलते समय तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, कैफ दोनों कानों में हेडफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहे थे, इसी दौरान अचानक उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ और वह गिर पड़े। हालत गंभीर होने पर पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें दिल्ली रेफर किया गया। रविवार को इलाज के दौरान कैफ ने दम तोड़ दिया। देहली गेट थाना क्षेत्र के खेरनगर निवासी कैफ के पिता फारूक ने बताया- अस्पताल ले जाते समय बेटे का ब्लड प्रेशर 300 के पार था। डॉक्टरों ने अत्यधिक हाई BP को ही ब्रेन हैमरेज और दिमाग की नस फटने की वजह बताई है। परिजनों ने बताया कि कैफ को करीब 10 साल से हाई BP की दिक्कत थी और उसका इलाज चल रहा था। कैफ अपने पिता के प्रॉपर्टी डीलिंग के काम में हाथ बंटाते थे और उन्हें रील बनाने का भी शौक था। पढ़ें पूरी खबर… 9 लाख कैश न मिलने पर रिश्ता तोड़ा, प्रयागराज में पिता बोले- बेटी को बदनाम करने के लिए धमकाया प्रयागराज में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी टूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सगाई के बाद लड़के वालों ने 9 लाख रुपए की मांग कर दी। बेटी के पिता ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो लड़के वालों ने शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि शादी के कार्ड रिश्तेदारों तक पहुंच चुके थे। गेस्ट हाउस, हलवाई, फोटोग्राफर और गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी थी, गहने-कपड़े भी खरीदे जा चुके थे। सगाई 7 फरवरी 2025 को हुई थी, जिसमें तीन लाख नकद, सोने की चेन और अंगूठी दी गई थी, जबकि शादी 10 फरवरी 2026 को तय थी। लड़की के पिता का आरोप है कि दिसंबर में लड़के और उसके पिता ने शादी से मना कर दिया और 21 दिसंबर को नैनी में मुलाकात के दौरान 9 लाख कैश और सिविल लाइंस के गेस्ट हाउस में शादी की शर्त रखी। मना करने पर बेइज्जत किया गया और खर्च की गई रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया गया। आरोप है कि वर पक्ष ने सरकारी नौकरी और हाईकोर्ट में पहचान का हवाला देकर मुकदमे में फंसाने और बेटी को बदनाम करने की धमकी दी। कैंट थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दूल्हे समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… लखीमपुर में पेट्रोल पंप पर युवक की मौत : कार में डीजल भराते समय आया हार्ट अटैक, CCTV में कैद लखीमपुर में कार ड्राइवर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। रविवार को कार लेकर एक बारात में बुकिंग पर जा रहा था। तभी कार में पेट्रोल डालने पंप पर पहुंचा। वह कार से उतरकर शीशा साफ करता है और फिर सेल्समैन से कार में डीजल डालने को कहता है। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। फिर उठा, लेकिन कुछ ही सेकंड में उसकी मौत हो गई।
आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत उठाया और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला पढ़ुआ थाना क्षेत्र के लखाही गांव स्थित लक्ष्मी पेट्रोल पंप पर का है।पढ़ें पूरी खबर… हाथरस में रातभर धरने पर बैठे अलंकार अग्निहोत्री, बोले- यह सनातन के स्वाभिमान का मुद्दा राष्ट्रीय सवर्ण परिषद (आरएसपी) का यूपी के हाथरस में धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरैया के आवास के बाहर चल रहे इस धरने में निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए। शनिवार को अलंकार अग्निहोत्री समेत सभी कार्यकर्ता पूरी रात खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे रहे। सर्द रात के बावजूद प्रदर्शनकारी धरनास्थल पर डटे रहे और आंदोलन को जारी रखने का ऐलान किया। अलंकार अग्निहोत्री का कहना है- वे हाथरस से दिल्ली तक ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकालने वाले थे, लेकिन प्रशासन ने शासन के निर्देश पर इस पदयात्रा को रोक दिया। इसी के विरोध में शुक्रवार को धरना शुरू किया गया। पढ़ें पूरी खबर… आजमगढ़ में 22 फरवरी को रैली करेंगे राजभर, ब्राह्मणों पर फोकस; बोले-इधर-उधर नहीं भटकें हम आपके साथ सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर 22 फरवरी को आजमगढ़ में समरसता रैली करेंगे। इसमें ब्राह्मण समाज पर फोकस रहेगा। रैली को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य सहित अन्य नेता शामिल होंगे। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जो विसंगति हैं उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। हम समाज से कहेंगे कि आइए इधर-उधर नहीं भटकें। हम आपके साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि रैली में ब्राह्मण समाज के लोग बड़ी संख्या में रहेंगे। इतनी बड़ी रैली न आज तक हुई है न होगी। कुशीनगर में कार-ट्राली की टक्कर में 3 दोस्तों की मौत:हाटा में एनएच-28 पर हादसा, 4 गंभीर घायल; गोरखपुर जा रहे थे सभी कुशीनगर नेशनल हाईवे पर खड़ी ट्राली से कार टकरा गई। हादसे में 3 दोस्तों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में 4 लोग गंभीर घायल हो गए। सभी लोग बहुभोज कार्यक्रम से गोरखपुर घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर पहले से एक ट्रक और हाफ ट्रेलर आपस में टकराकर खड़े थे। कोहरे और तेज रफ्तार के कारण पीछे से आ रही अर्टिगा कार उन्हें देख नहीं सकी और सीधे ट्राली में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। पढ़ें पूरी खबर… क्रिकेट खेलते समय 13 साल के बच्चे की मौत:अचानक हाथ से बैट छूटा, जमीन पर गिरा; हार्ट अटैक की आशंका बिछवा थाना क्षेत्र के गांव सहारा में रविवार सुबह 13 वर्षीय छात्र विराट की अचानक मौत से परिवार और गांव में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि विराट अपने घर के पास ही मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। अचानक खेलते समय उसका बैट हाथ से छूट गया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। पढ़ें पूरा मामला
सोनभद्र में क्रशर कारोबारी को सिर कूचकर मार डाला, आरोपी CCTV कैमरे तोड़कर भागे यूपी के सोनभद्र में क्रशर कारोबारी की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। कारोबारी रात में अपने ऑफिस में रुके हुए थे। सुबह जब उनके कर्मचारी ट्रक चालक, उन्हें जगाने पहुंचे तो ऑफिस में कारोबारी का खून से लथपथ शव पड़ा पाया। हत्यारे ने कारोबारी के सिर को पत्थर से पूरी तरह से कूच दिया था। फर्श पर खून ही खून फैला हुआ था। कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया गया। पढ़ें पूरी खबर.. BHU सेंट्रल ऑफिस पर महिला खो-खो खिलाड़ियों का धरना:प्रॉक्टोरियल बोर्ड से नोक-झोक, प्रतियोगिता में टीम न भेजने से नाराज काशी हिंदू विश्वविद्यालय की खो-खो टीम की खिलाड़ियों ने बीती रात बीएचयू सेंट्रल ऑफिस पर धरना दिया। उनकी मांग थी कि अंतर विश्वविद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता जो फकीर मोहन विश्वविद्यालय, ओडिशा में आयोजित है। वहां के लिए हुए चयन के बाद हमारी टीम भेजी जाए। जबकि प्रतियोगिता 48 घंटे पहले अचानक से कहा जा रहा है कि टीम नहीं जाएगी। जबकि हम सभी खिलाड़ियों का चयन शरीरिक परीक्षा और दौड़ के बाद किया गया था। पढ़ें पूरी खबर….
बहराइच में 6 साल की बच्ची को घर से उठा ले गया तेंदुआ; खेत में शव छोड़कर जंगल भागा बहराइच में तेंदुए ने 6 साल की बच्ची को मार डाला। घर के आंगन में खेल रही बच्ची को तेंदुआ दबोचकर खेत की तरफ ले जाने लगा। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन और गांव वाले उसके पीछे भागे। इसके बाद तेंदुआ बच्ची को गन्ने के खेत में छोड़कर भाग गया। बच्ची के गले और चेहरे पर गंभीर घाव के निशान थे। परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मामला कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के थाना सुजौली क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर यूपी पुलिस के कंप्यूटर ऑपरेटर का रिजल्ट जारी; वेबसाइट uppbpb.gov.in पर देख सकते हैं यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 930 पदों पर सीधी भर्ती-2023 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची uppbpb.gov.in पर देख सकते हैं। भर्ती बोर्ड के अनुसार कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के कुल 930 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस भर्ती में अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। सभी वर्गों में आरक्षण नियमों का पालन करते हुए अंतिम परिणाम तैयार किया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर जौनपुर में सीटेट परीक्षा में दो युवक गिरफ्तार; दूसरे के स्थान पर दे रहे थे परीक्षा जौनपुर में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) के दौरान दो युवकों को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए गिरफ्तार किया गया है। यह घटना शनिवार को टीडी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली में हुई। बायोमेट्रिक मिलान के आधार पर इन युवकों को पकड़ा गया। सीबीएसई मुख्यालय नई दिल्ली से मिले इनपुट के बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक जौनपुर के जलालपुर का निवासी है, जबकि दूसरा फतेहपुर जिले का रहने वाला है। कॉलेज प्रशासन ने दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह को राहत, अयोध्या कोर्ट ने परिवाद किया खारिज अयोध्या की फैजाबाद कोर्ट से राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह को बड़ी राहत मिली। उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर दाखिल परिवाद को खारिज कर दिया गया। एसीजेएम प्रथम की अदालत ने कहा कि इस मामले में परिवादी का कोई लोकस स्टैंडी (अदालत में खड़े होने या मुकदमा दायर करने का अधिकार) नहीं बनता। इसलिए परिवाद सुनवाई योग्य नहीं है। पढ़िए पूरी खबर…