यूपी की बड़ी खबरें:प्रतापगढ़ में पुल से 25 फीट नीचे गिरकर बैंक कैशियर की मौत; बाइक डिवाइडर से टकराई

प्रतापगढ़ मे बैंक कैशियर की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ओवरब्रिज की रेलिंग को तोड़ते हुए 25 फीट नीचे बाईपास मार्ग पर जा गिरी। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। पुलिस को सूचना दी। पुलिस एंबुलेंस से बैंक कैशियर को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना रविवार शाम साढ़े 4 बजे हथिगवां बाईपास पर हुई। पढ़ें पूरी खबर इटावा में पिता, दो बेटों की हादसे में मौत; तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर इटावा में रविवार शाम तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता और उसके दो बेटों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कौरारी खेड़ा निवासी विनीत कुमार (40), उनके बेटे मोहित कुमार (10) और निशांत कुमार (8) के रूप में हुई है। विनीत बेटों के साथ बाइक से सैफई थाना क्षेत्र के ग्राम भिड़ऊआ स्थित ससुराल जा रहे थे। पीछे से वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें तीनों की मौत हो गई। अब परिवार में पत्नी और एक 7 साल का बेटा बचा है। हादसा जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जमुना बाग के पास हुआ। पढ़ें पूरी खबर मेरठ के KIA कार नहर में गिरी, दो युवकों की मौत; उत्तराखंड से लौटते समय हादसा मेरठ के 2 युवकों की उत्तराखंड से लौटते समय हादसे में मौत हो गई। उनकी कार गंगनहर में गिर गई। कार गिरने से दोनों युवक डूब गए और उनकी मौत हो गई। युवक जानी थाना क्षेत्र के कुराली गांव के रहने वाले थे। उनकी पहचान सौरभ और आयुष के रूप में हुई है। हादसा शनिवार देर रात हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया। सौरभ एमबीए का छात्र था, जबकि आयुष दवा कंपनी में काम करता था। पढ़िए पूरी खबर मथुरा में 9वीं के छात्र को ट्रक ने रौंदा, गुस्साए घरवालों ने सड़क पर जाम लगाया मथुरा में सड़क पार करते समय 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र को ट्रक ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद ड्राइवर भाग गया। चीख-पुकार सुनकर राहगीर पहुंचे। उन्होंने परिजन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही घरवाले मौके पर पहुंचे। शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। आरोपी को गिरफ्तार करने और मुआवजे की मांग करने लगे। एक घंटे तक सड़क पर ही बैठे रहे। थोड़ी ही देर बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने परिजन से घटना की जानकारी ली। उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर वे शांत हुए। उसके बाद शव को लेकर रास्ते से हटे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद आरोपी की तलाश में जुट गई। घटना रविवार को मांट थाना क्षेत्र की है। यहां पढ़ें पूरी खबर ललितपुर की BLO हेमलता कुशवाहा का एम्स भोपाल में निधन, SIR कार्य के दौरान हुआ था ब्रेन हेमरेज भोपाल एम्स अस्पताल में 24 दिन से जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहीं बीएलओ हेमलता कुशवाहा का शनिवार रात निधन हो गया। उन्हें 10 दिसंबर को बीएलओ का कार्य करते समय ब्रेन हेमरेज हुआ था। ललितपुर के कंपोजिट विद्यालय टगर बिरधा में शिक्षामित्र के पद पर तैनात हेमलता कुशवाहा पत्नी जगदीश कुशवाहा को बीएलओ की जिम्मेदारी भी दी गई थी। 10 दिसंबर को एसआईआर का कार्य करते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। पति जगदीश कुशवाहा ने बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ललितपुर अस्पताल लाया गया था। ब्रेन हेमरेज होने के कारण उन्हें झांसी रेफर किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए एम्स भोपाल ले जाया गया, जहां शनिवार रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। हेमलता के एक बेटा और एक बेटी है। पढ़िए पूरी खबर… झांसी में महिला IRS समेत 3 अफसर सस्पेंड, टैक्स कम करने के लिए रिश्वत ली थी झांसी में 70 लाख की रिश्वत लेने वाली सेंट्रल जीएसटी की डिप्टी कमिश्नर (IRS अफसर) प्रभा भंडारी समेत 3 अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया। डिप्टी कमिश्नर पर केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने कार्रवाई की, जबकि कानपुर कमिश्नर रोशन लाल ने सुपरिडेंटेंड अनिल तिवारी और अजय शर्मा को सस्पेंड कर दिया। तीनों अफसरों ने जय दुर्गा हार्डवेयर एवं जय अंबे प्लाईवुड पर छापा मारा था। दोनों फर्मों के मालिकों को टैक्स चोरी के एवज में 23 करोड़ रुपए सरकारी खजाने में जमा करने थे। मगर तीनों आरोपी डेढ़ करोड की रिश्वत लेकर 23 करोड़ की रकम को घटाकर 50 लाख करने वाले थे। डील की जानकारी मिलने पर सीबीआई ने 30 दिसंबर को तीनों को गिरफ्तार कर लिया। यहां पढ़ें पूरी खबर वाराणसी में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने वाले शूटर को पुलिस ने मारी गोली वाराणसी में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने वाले शूटर को सारनाथ पुलिस ने अरेस्ट किया है। शनिवार रात पुलिस और शूटर की मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से 5 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने एक किमी तक उसका पीछा किया। गंगा किनारे सरायमोहना के पास बाइक से शूटर भागने लगा। पुलिस ने गोली मारकर उसे पकड़ लिया। उसके दाएं पैर में गोली लगी है। घायल शूटर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो अवैध तमंचे बरामद हुए हैं। उसके ऊपर एक लाख का इनाम घोषित था। पढ़ें पूरी खबर… आगरा में पुलिस ने दूध विक्रेता को बेरहमी से पीटा:अंगूठे के नाखून उखाड़े, युवक बोला- टेंपों में बैठा था, लेकिन चलाना नहीं आता..इसलिए मारा आगरा पुलिस पर एक बार फिर से मारपीट करने का आरोप लगा है। जीवनी मंडी के दरोगा ने एक दूध विक्रेता को थर्ड डिग्री देते हुए उसके पैर के नाखून तक उखाड़ लिए। उसका टेंपो सीज किया। उसके रुपए और मोबाइल छीन कर उसे शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई कर दी। उसका दोष सिर्फ इतना था कि वह भाई के टेंपो पर बैठा था और उसे टेंपो चलाना नहीं आता था। जमानत के बाद पीड़ित ने अपने रिश्तेदार भाजपा नेता के साथ डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास से शिकायत की। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया। अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है। मामला जीवनी मंडी चौकी का है। पढ़ें पूरी खबर… बाराबंकी में पानी भरे गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत; तहसील परिसर में घर के बाहर खेल रहा था बाराबंकी में तहसील परिसर में पानी भरे गड्‌ढे में डूबने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। वह घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान फिसलकर गड्‌ढे में जा गिरा। परिजन उसको तलाश करते हुए गड्‌ढे के पास पहुंचे तो शव उतराता मिला। इसके बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा बच्चा सेप्टिक टैंक में गिर गया था। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मामला सिरौली गौसपुर तहसील परिसर का है। पढ़ें पूरी खबर अयोध्या में किशोरी को मारकर लाश नाले में फेंकी: कपड़े फटे मिले, गले पर निशान, पिता बोले- मेरी बेटी को मार डाला अयोध्या में शनिवार को दिनदहाड़े 17 साल की नाबालिग किशोरी की हत्या कर दी गई। किशोरी का शव झाड़ियों के बीच रेलवे लाइन किनारे नाले में पड़ा था। शव देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पढ़िए पूरी खबर… ‘पाकिस्तान और बांग्लादेश का डीएनए एक’: सहारनपुर में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले- शेख हसीना को भारत में शरण देना ही हिंसा की जड़ बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर उत्तराखंड के जोशीमठ स्थित ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- पाकिस्तान और बांग्लादेश का डीएनए एक है। इस हिंसा की जड़ बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत में शरण दिया जाना है। भारत सरकार की इस एकतरफा कार्रवाई से बांग्लादेश की जनता में भारत के प्रति नफरत बढ़ी है, जिसका खामियाजा वहां के हिंदुओं को भुगतना पड़ रहा है। पढ़िए पूरी खबर…. आजमगढ़ में बेकाबू ट्रक ने 3 को कुचला; पिता-बेटी की मौत, मां की हालत गंभीर आजमगढ़ में बेकाबू ट्रक ने हॉस्पिटल दवा लेने जा रहे पति, पत्नी और उनकी 4 साल की बेटी को कुचल दिया। हादसे में पिता-बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी का हॉस्पिटल में इलाज कराया जा रहा है। हादसा रानी की सराय थाना क्षेत्र में कोटिला बाजार का है। परिवार के लोगों ने बताया- शनिवार की सुबह 11 बजे दंपती बेटी के साथ घर से निकले थे। जिला अस्पताल से पहले मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार तीनों सड़क पर ही गिर गए। बेकाबू ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे की सूचना मिलते ही रानी की सराय थाना प्रभारी सुनील सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। ड्राइवर मौके से फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पूरी खबर पढ़िए बिजनौर में किसान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, गन्ना सेंटर से लौटते समय वारदात, दो दिन बाद रिश्ते के लिए आने वाले थे लड़की वाले बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र में किसान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। किसान रविवार सुबह 11 बजे गन्ना डालकर लौट रहा था। किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी पर एसपी अभिषेक झा और सीओ धामपुर अभय कुमार पांडेय, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, फोरेंसिक टीम के साथ नूरपुर और धामपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पढ़िए पूरी खबर