यूपी की बड़ी खबरें:फर्रूखाबाद में 15 हजार रिश्वत लेते एसपी ऑफिस के बाबू गिरफ्तार, हेड कॉस्टेबल से TA-DA भुगतान के एवज में मांगे

फर्रुखाबाद में एसपी कार्यालय में तैनात बाबू को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। लखनऊ मुख्यालय से आई 6 सदस्यीय एंटी करप्शन की टीम ने उन्हें 15 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ दबोचा। आरोपी ने एक हेड कॉन्स्टेबल से विभागीय काम के एवज में घूस मांगी थी। टीम ने आरोपी लिपिक से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में करीब 3 घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद टीम उसे लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी चल रही है। फिलहाल एसपी आरपी सिंह ने मामले में कोई भी आधिकारिक बयान देने से मना किया है। पढ़ें पूरी खबर… अमेठी में सड़क हादसे में पिता-बेटे की मौत, दो घायल रायबरेली में आवारा पशु को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार वैन बेकाबू हो गई। इसके बाद रोड के किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पिता और बेटे की मौके पर मौत हो गई। वहीं अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- वैन की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अचानक से रोड के बीच में आवारा पशु आ गया तो ड्राइवर ने तेजी से ब्रेक मार दिया। इसके बाद वैन करीब 10 मीटर दूरी तक घिसटते हुए रोड किनारे पेड़ से जोर से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए, बायां हिस्सा लगभग एक-तिहाई रह गया और बाईं ओर का डोर टूटकर पूरी तरह वैन के अंदर समा गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। जहां पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। घटना जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर इन्हौना थाना क्षेत्र के सेमरौता रोड की। पढ़ें पूरी खबर प्रयागराज में फूड इंस्पेक्टर 10 हजार की घूस लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ दबोचा प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम ने फूड इंस्पेक्टर को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया। आरोपी फूड इंस्पेक्टर कोटा संचालक से हर महीने पैसे मांग रहा था। वह फर्जी शिकायतें निपटाने और दुकान बचाने के नाम पर दबाव बना रहा था। शिकायत की जांच के बाद टीम ने झूंसी में एक सब्जी की दुकान पर ट्रैप लगाया। तय स्थान पर पहुंचकर जैसे ही फूड इंस्पेक्टर ने रुपए लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे थाना झूंसी लाया गया। बसना खास गांव के कोटा संचालक राजमनी ने एंटी करप्शन में शिकायत दी थी कि फूड इंस्पेक्टर नंद किशोर यादव दुकान पर आने वाली फर्जी शिकायतों को निपटाने और कोटा बचाने के नाम पर 10 हजार रुपए महीना मांग रहा है। उसने 7 और 13 नवंबर को प्रयागराज स्थित एंटी करप्शन ऑफिस में लिखित शिकायत की थी। पूरी खबर पढ़िए हाईकोर्ट ने कहा-पुलिस पर हमला यूपी सरकार पर हमला, बरेली बवाल के दौरान सिर तन से जुदा का नारा लगाया था इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बरेली में जुलूस निकालने के दौरान सिर तन से जुदा का नारा लगाने और पुलिस पर हमला करने की घटना को गंभीरता से लिया। हाईकोर्ट ने कहा कि पुलिस पर हमला करने का मतलब राज्य पर हमला करना है। यह टिप्पणी न्यायमूर्ति अजय भनोट एवं न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने घटना के मुख्य आरोपी अदनान व एक अन्य याचिका खारिज़ करते हुए की। इससे पूर्व कोर्ट इसी मामले के गौहर खान व शाकिब जमाल की याचिका खारिज़ कर चुकी है। अपर महाधिवक्ता व अपर शासकीय अधिवक्ता प्रथम ने याचिका का विरोध किया। पूरी खबर पढ़िए आगरा में दो लुटेरों से पुलिस मुठभेड़, 1 बदमाश के पैर में लगी गोली; फैक्ट्री में की थी लूट आगरा में गुरुवार देर रात पुलिस और दो लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे गिरफ्तार करके इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। यह मुठभेड़ फाउंड्री नगर इलाके में हुई। यह वही गैंग है जिसने थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के नरायच स्थित ताज आयरन फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्डों पर हमला कर लूटपाट की थी। दोनों बदमाश फैक्ट्री में घुसकर गार्डों पर सरिया से हमला करने के बाद मौके से भाग निकले थे। पढ़िए पूरी खबर… झांसी में छात्रा के किडनेपर को 10 साल की जेल: 10 साल पहले घर से भगाकर ले गया, दो साल रेप किया, बच्चा होने पर छोड़ दिया था झांसी में 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा का अपहरण करने के मामले में आरोपी को कोर्ट ने 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 65 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना न देने पर उसे दो वर्ष अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। यह फैसला गुरुवार को पॉक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश मोहम्मद नेयाज अहमद अंसारी ने सुनाया। पढ़िए पूरी खबर… कानपुर में रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगी: रकम मांगने पर बेटी के रेप की धमकी, कोतवाली में प्लॉट के नाम पर लिए पैसे कानपुर में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 5.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसकी बेटी से रेप करने और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से शिकायत की, जिसके बाद अनवरगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़िए पूरी खबर… प्रयागराज में जगुआर हादसे के आरोपी को मिली जमानत, कार से 6 लोगों को रौंद दिया था प्रयागराज में जगुआर हादसे के आरोपी कारोबारी के बेटे रचित मध्यान को जिला कोर्ट से जमानत मिल गई है। रचित को 22 अक्टूबर को जेल भेजा गया था। 23 दिन की न्यायिक हिरासत के बाद अब कोर्ट ने सशर्त जमानत दी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने कहा- वर्तमान परिस्थितियों और प्रस्तुत तथ्यों को देखते हुए आरोपी को जमानत दी जा सकती है। कोर्ट ने आदेश दिया कि रचित को एक-एक लाख रुपए की दो जमानतें और इतनी ही राशि के व्यक्तिगत बंधपत्र पर रिहा किया जाए। बता दें कि 19 अक्टूबर को रचित ने अपनी जगुआर से 6 लोगों को रौंद दिया था, इस हादसे में एक की मौत और 5 लोग घायल हो गए थे। पढ़ें पूरी खबर… औरैया में तेज रफ्तार कार ने डॉक्टर को रौंदा, मौत; एक की हालत गंभीर, बाउंड्री तोड़ते हुए पलटी औरैया के दिबियापुर–फफूंद रोड पर गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में पशु डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान की दीवार और गेट तोड़ते हुए भीतर घुसकर पलट गई। हालांकि, कार का एयरबैग खुल जाने से कार सवार दोनों युवक बाल-बाल बच गए। यह हादसा भाग्यनगर ब्लॉक के सामने हुआ। टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला। एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पशु चिकित्सक दुर्वेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल कुलभूषण को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…