यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:एयरफोर्स का प्लेन बीच शहर तालाब में गिरा, अफसरों ने मंत्री के पैर छुए; पति की चलती बाइक पर हत्या कराई

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर प्रयागराज से है। यहां एयरफोर्स का प्लेन क्रैश हो गया। दोनों पायलट्स ने कूदकर जान बचाई। वहीं, दूसरी खबर ASP अनुज चौधरी पर FIR दर्ज करने का आदेश देने वाले सीजेएम के ट्रांसफर से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- प्रयागराज में एयरफोर्स का प्लेन क्रैश; शहर के बीचों-बीच हवा में डगमगाया प्रयागराज में एयरफोर्स का प्लेन क्रैश हो गया। पहले शहर के बीचों-बीच हवा में डगमगाया, फिर क्रैश हो गया। पैराशूट से कूदे 2 पायलट दलदल में फंस गए, स्थानीय लोगों ने बचाया। हादसा माघ मेला क्षेत्र से 3km दूर हुआ। पायलट ने सूझबूझ से प्लेन को रिहायशी कॉलोनी-स्कूल से गिरने से बचाते हुए तालाब में गिराया। एयरफोर्स ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए। बमरौली एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। पूरी खबर पढ़ें 2- ASP अनुज पर FIR का आदेश देने वाले जज हटे, अखिलेश बोले- कोर्ट स्वत: संज्ञान ले ASP अनुज चौधरी पर FIR का आदेश देने वाले CJM विभांशु सुधीर को हटाए जाने के बाद संभल में प्रदर्शन हुआ। भड़के वकीलों ने कहा- यह न्याय की हत्या है। पुलिस-प्रशासन हाय-हाय के नारे लगाए। जज विभांशु सुधीर ने संभल में युवक आलम को गोली लगने के मामले में पिता की याचिका पर पुलिसकर्मियों पर FIR के आदेश दिए थे। अखिलेश यादव बोले- मुझे उम्मीद SC/HC स्वत: संज्ञान लेगा। पूरी खबर पढ़ें 3- ज्योतिष्पीठ शंकराचार्य-प्रशासन विवाद बढ़ा; द्वारका शंकराचार्य बोले-यह शासन का अहंकार प्रयागराज में ज्योतिष्पीठ शंकराचार्य-प्रशासन विवाद बढ़ा। अविमुक्तेश्वरानंद ने भी प्रशासन की तरह रात को जवाब भेज कहा- 24 घंटे में नोटिस वापस लें। दो पीठों के शंकराचार्य समर्थन में उतरे। शंकराचार्य सदानंद महाराज ने कहा- यह शासन का अहंकार है। सत्ता हर दिन नहीं रहेगी। शंकराचार्य निश्चलानंद ने कहा- सरकार कंट्रोल करना चाहती। रामभद्राचार्य ने कहा-अविमुक्तेश्वरानंद ने गलत किया। पूरी खबर पढ़ें 4- परिवहन मंत्री का पैर छूने की होड़; DDO-एआरटीओ ने बुके देकर छूए पैर यूपी के परिवहन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह के देवरिया पहुंचने पर अधिकारियों में पैर छूने की होड़ मच गई। एक कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री जैसे ही गाड़ी से उतरे बुके लेकर खड़े डीडीओ सुशील कुमार सिंह आगे बढ़े। उन्होंने मंत्री को गुलदस्ता दिया और फिर पैर छुआ। मंत्री ने आशीर्वाद देते हुए उनके कंधे पर हाथ रखा। पीछे खड़े एआरटीओ आशुतोष शुक्ला ने भी बुके देकर पैर छुए। पूरी खबर पढ़ें 5- संभल हिंसा मास्टरमाइंड के घर से डिब्बा तक ले गई पुलिस; इलाका छावनी में तब्दील संभल हिंसा के मास्टरमाइंड गैंगस्टर शारिक उर्फ साठा के घर की कुर्की की गई। पुलिस उसके घर से डिब्बे तक ले गई और ताला लगा दिया। घर की कुर्की के पहले पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। कई थानों के करीब 100 पुलिसवाले साठा के घर पहुंचे। पहले डुगडुगी बजी और फिर कार्रवाई शुरू हुई। पुलिस ने बताया- 4 मंजिले घर में पहली मंजिल साठा के हिस्से की है। उस पर कार्रवाई की गई। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- लखनऊ में पवन सिंह मारने दौड़े; सिंगर गुंजन सिंह का बर्थडे मना रहे थे भोजपुरी के स्टार पवन सिंह लखनऊ में ‘मिस्ट्री गर्ल’ गुंजन सिंह की बर्थडे पार्टी के दौरान अचानक गुस्से में आ गए। मंच से गाना गा रहे पवन सिंह भीड़ से आए एक कमेंट पर भड़क उठे। युवक की ओर बढ़ने लगे। प्रशंसक चिल्लाकर रोकने लगे। इसी बीच मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। फिर युवक को बाउंसर्स ने खींचकर बाहर किया। युवक के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। पूरी खबर पढ़ें 7- मुख्तार के बेटे पर मुकदमा चलेगा, कहा- SC ने मेरे बोलने पर रोक लगाई मऊ की सदर सीट से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी के खिलाफ एक और केस चलेगा। चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में मऊ कोर्ट ने आरोपी बनाया है। हालांकि, पुलिस की ओर से लगाई गई दो धाराओं को कोर्ट ने खारिज कर दिया। मीडिया के सवालों पर अब्बास ने कहा- मेरे बोलने पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई है, कुछ नहीं कहूंगा। वकील दरोगा सिंह ने बताया कि मामला 2022 का है। पूरी खबर पढ़ें 8- गोरखपुर में बर्थडे गर्ल ने युवक को गोली मारी; THAR चोरी कर फरार थी गोरखपुर में बर्थडे गर्ल ने एक युवक को गोली मार दी। दरअसल, युवती अपने दोस्तों के साथ एक मॉडल शाप के पास सड़क पर ही बर्थडे मना रही थी। उसी दौरान उसका परिचित युवक अपने दोस्तों के साथ आ गया। दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। इस पर युवती ने तैश में आकर पिस्टल निकाल ली। छीना-झपटी में गोली चल गई। 3 महीने पहले उस पर THAR चोरी की FIR हुई थी। पूरी खबर पढ़ें 9- अपर्णा महिला आयोग की मीटिंग में नहीं पहुंची; अध्यक्ष बोलीं- मदद मांगने पर बात करेंगे अपर्णा यादव, राज्य महिला आयोग की मीटिंग में नहीं पहुंचीं। उनके पति प्रतीक यादव ने 2 दिन पहले तलाक देने का ऐलान किया था। कहा था- बेहद स्वार्थी महिला। आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान अपर्णा के मामले पर बोलीं- अपर्णा और प्रतीक के तलाक का मामला निजी है। अपर्णा पढ़ी-लिखी और समझदार महिला हैं। वह अपने निजी मामले को संभाल लेंगी। मदद मांगने आएंगी तो बात की जाएगी। पूरी खबर पढ़ें 10- लखनऊ में चलती बाइक पर दोस्त का गला काटा; पत्नी साजिश में अरेस्ट लखनऊ में चलती बाइक पर पीछे बैठे दोस्त ने गला काटकर हत्या कर दी। युवक ने तड़पकर दम तोड़ दिया। खून से लथपथ शव सड़क पर पड़ा मिला। पास में खून से सनी बाइक खड़ी मिली। पुलिस के अनुसार, पत्नी के कहने पर प्रेमी ने हत्या की। पहले शराब पिलाई। फिर चलती गाड़ी पर उसका गला रेत दिया। मृतक की पत्नी का आरोपी पड़ोसी के साथ अवैध संबंध था। दोनों को अरेस्ट कर लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें 11- राममंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्यगोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ मेदांता रेफर अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ गई है। 87 साल के नृत्य गोपाल दास को सोमवार रात से उल्टी-दस्त हो रहे थे। बुधवार हालत बिगड़ने के बाद उनके पर्सनल डॉक्टर एसके पाठक ने लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल ले जाने की सलाह दी। महंत ने पिछले 36 घंटे से कुछ भी नहीं खाया है। सीएम योगी अयोध्या जब भी जाते तो उनसे जरूर मुलाकात करते हैं। पूरी खबर पढ़ें 12- यूपी में फिर बढ़ेगी ठंड-पड़ेगा घना कोहरा; पहाड़ों पर बर्फबारी से पलटेगा मौसम​​​​​​​ यूपी में फिर मौसम पलटी मारने जा रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड और कोहरा दोनों बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर अगले 3 दिन बर्फबारी और बारिश की वजह से प्रदेश में तापमान फिर से लुढ़कने लगेगा। यह दौर 5 से 6 दिन तक जारी रह सकता है। हालांकि, पिछले दो दिनों से ठंड से थोड़ी राहत मिली थी। धूप निकलने की वजह से पारा का लुढ़कना थोड़ा थमा था। पूरी खबर पढ़ें 13- यूपी के मंत्री संजय निषाद का अखिलेश पर वार, बोले- 37 सांसदों का घमंड 2027 हराएगा यूपी के मंत्री संजय निषाद ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा- समाजवादी पार्टी के पास 37 सांसद हैं। उनको 37 सांसदों का जो घमंड है, वो 2027 में दूर हो जाएगा। ये 37 सांसद ही उनको चुनाव हराएंगे। इनके सांसद कभी भी किसी जनहित के मुद्दे पर बात नहीं रखे। कभी जनता के लिए खड़े नहीं हुए। समाजवादी पार्टी अब मुद्दा विहीन होकर समाप्तवादी पार्टी बनने की ओर जा रही है। खबर जो हटकर है… 14- युवती बोली- पसंद का जीवनसाथी चुनने की अनुमति दें; कोर्ट ने कहा- आप स्वतंत्र हैं बिजनौर जिले में एक युवती, बॉयफ्रेंड से शादी कराने के लिए पहले थाने फिर कोर्ट। आरोप लगाया कि घरवाले मर्जी के खिलाफ उसका निकाह उम्र में 10-12 साल बड़े एक रिश्तेदार से कराना चाहते। वह हिंदू बॉयफ्रेंड के साथ रहना चाहती। कहा- मर्जी का जीवनसाथी चुनने की अनुमति दी जाए। पुलिस ने युवती को कोर्ट में पेश कर दिया। कोर्ट ने कहा- वह मनपसंद साथी चुनने के लिए स्वतंत्र है। इसके बाद वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ चली गई। कैसा रहेगा कल का मौसम 15-कल बारिश के आसार यूपी के कई जिलों में कल बारिश की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभों के असर से पहले पश्चिमी यूपी में बारिश की शुरुआत होगी। इससे ठंड एक बार फिर बढ़ेगी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…