यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:नॉनवेज खाने वाले पुजारी की पिटाई; आशुतोष का दावा- शंकराचार्य के शिष्य की गर्लफ्रेंड अघोरी

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर शंकराचार्य पर FIR कराने वाले आशुतोष महाराज के फिर कोर्ट पहुंचने और गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा को रोकने की मांग को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर आशुतोष महाराज पर हमले की जिम्मेदारी लेने वाली स्वाति अघोरी से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- शंकराचार्य के खिलाफ फिर कोर्ट पहुंचे आशुतोष महाराज, कहा- पीड़ित बटुक दहशत में आशुतोष महाराज ने शंकराचार्य की यात्रा रोकने की मांग की है। कोर्ट में वाद दायर कर उन्होंने कहा- कुकर्म का केस दर्ज कराने वाले पीड़ित बटुक यात्रा से दहशत में हैं। शंकराचार्य का पासपोर्ट भी जब्त किया जाए क्योंकि वह भाग सकते हैं। दरअसल, उन्होंने शंकराचार्य के खिलाफ दो बटुकों के साथ कुकर्म का मुकदमा कराया था। हालांकि, हाईकोर्ट ने अरेस्ट पर रोक लगा दी थी। पूरी खबर पढ़ें 2- आशुतोष महाराज बोले- स्वाति अघोरी शंकराचार्य के शिष्य की गर्लफ्रेंड; पुलिस भी ढूंढ़ रही आशुतोष महाराज पर चलती ट्रेन में हमले के बाद सुर्खियों में आई डॉ. स्वाति अघोरी अभी भी रहस्य बनी हुई है। दरअसल, उसने फेसबुक पर पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि, पुलिस के पास उसकी कोई जानकारी नहीं है। यह भी पता नहीं कि अकाउंट फेक है या असली। जबकि आशुतोष ब्रह्मचारी ने युवती को शंकराचार्य के शिष्य की गर्लफ्रेंड होने का दावा किया है। पूरी खबर पढ़ें 3- संसद में डिंपल ने पूछा- ईरान जंग में भारत कहां खड़ा?, अखिलेश बोले- विदेश नीति गिरवी रखी सपा सांसद डिंपल यादव ने पूछा- ईरान जंग में भारत कहां खड़ा? अखिलेश बोले- मोदी सरकार ने विदेश नीति गिरवी रखी। पलटवार करते हुए BJP सांसद अरुण गोविल बोले- जो बोलना है, बोलते रहिए। संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज के पहले दिन सदन में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस सहित विपक्ष के 118 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास का नोटिस सौंपा है। पूरी खबर पढ़ें 4- कानपुर में नॉनवेज खाते पुजारी की तस्वीर वायरल, भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा कानपुर में नॉनवेज खाते फोटो देखकर पुजारी को भीड़ ने पीटा। गुस्साए लोगों ने मंदिर परिसर में कमरे से जबरिया पुजारी को बाहर निकाला। मंदिर परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीच-बचाव में आईं महिलाओं को भी भीड़ ने थप्पड़ मारे। पुलिस भीड़ से छुड़ाकर ले गई। लोगों ने कहा- पुजारी धर्म भ्रष्ट कर रहा है। जबकि पुजारी का दावा है कि फोटो को एडिट कर षड़यंत्र रचा गया है। पूरी खबर पढ़ें 5- केशव और ब्रजेश पाठक एक घंटे तक फ्लाइट में फंसे, लखनऊ से कोलकाता जा रहे थे लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट में डिप्टी CM ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को करीब 1 घंटे तक फंसे रहे। दोनों डिप्टी सीएम इंडिगो फ्लाइट से लखनऊ से कोलकाता जा रहे थे। पायलट को टेकऑफ से ऐन पहले तकनीकी खराबी का पता चला। तत्काल ATC को सूचना दी। इंजीनियरिंग टीम को बुलाया। करीब एक घंटे बाद फ्लाइट कोलकाता के लिए रवाना हुई। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- मायावती की बड़ी कार्रवाई, अपराधियों को BSP की सदस्यता दिलाने वाले को निकाला बसपा में अपराधियों की एंट्री कराने वाले विक्रम सिंह जाटव को मायावती ने निष्कासित कर दिया है। जाटव, पश्चिमी यूपी में पार्टी के प्रमुख चेहरा थे। आरोप है कि विक्रम जाटव ने मायावती को अंधेरे में रखकर 56 मुकदमों वाले वसीम और हिस्ट्रीशीटर को सदस्यता दिलाई थी। पूर्व में रेप केस की सह-आरोपी को भी पार्टी में शामिल कराया था। बसपा ने कई कोआर्डिनेटर भी बदले हैं। पूरी खबर पढ़ें 7- मिर्जापुर में मॉर्च्युरी में रखी लाश चूहे खा गए, परिजन ने हंगामा किया मिर्जापुर के मंडलीय अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखे शव को चूहे खा गए। जानकारी होने के बाद परिजन ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मामला बिगड़ता देख अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजन को समझाया और कर्मचारियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया तो लोग माने। दरअसल, रविवार को एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने शव पीएम के लिए रखवाया था। पूरी खबर पढ़ें 8- कानपुर में क्रिकेटर की पत्नी ने 1 करोड़ हर्जाना मांगा, बोली- जबरन संबंध बनाता था कानपुर कोर्ट में क्रिकेटर अमित मिश्रा की पत्नी गरिमा तिवारी ने दहेज उत्पीड़न का केस किया है। उन्होंने गुजारा भत्ता के लिए एक करोड़ रुपए हर्जाना मांगा है। बताया- इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई और 2019 में शादी की। बाद से कार और 10 लाख रुपए के लिए उत्पीड़न शुरू हो गया। पति शराब पीकर उसे मारता और भूखा रखता था। बीमारी में भी जबरन संबंध बनाता था। पूरी खबर पढ़ें 9- लखनऊ में घर मिली मेड की लाश, पिता बोले- अफसर का बेटा रेप करना चाहता था लखनऊ में 14 साल की मेड की लाश रिटायर्ड अफसर के घर में मिली। बताया जा रहा कि पंखे से लटक कर उसने जान दी। परिजन ने मकान मालिक के बेटे पर रेप की कोशिश और हत्या का आरोप लगाया। शव को चौराहे पर रखकर लोगों ने 3 घंटे तक सड़क जाम किया। हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। लड़की सीतापुर की रहने वाली थी। पूरी खबर पढ़ें 10- योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी से आक्रोश, विधायक बोले– ‘यूपी आए तो ढूंढ नहीं पाओगे’ सीएम योगी की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले मौलाना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को लखनऊ में प्रदर्शन कर आरोपी मौलाना का पुतला फूंका गया। अलीगढ़ में भाजपा विधायक सुरेंद्र दिलेर की अगुवाई में लोगों ने एसएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। विधायक ने मौलाना को चुनौती दी कि यूपी में अगर आए तो कोई ढूंढ़ नहीं पाएगा। पूरी खबर पढ़ें 11- झांसी में गिरफ्तारी के लिए 3 दिन तक खड़ी रही पुलिस, अब किया सरेंडर झांसी पुलिस पर हमला करने वाला 3 दिन बाद घर से बाहर निकला। उसने पत्नी और सास के साथ पुलिस के आगे सरेंडर कर दिया। आरोपी ने खुद को घर में कैद कर रखा था। उसे अरेस्ट करने के लिए 3 दिन से 10 पुलिसकर्मी घर के बाहर खड़े थे। रविवार को पुलिस ने उसके घर की लाइट काट दी थी। आरोपी ने कहा था- कोर्ट जाऊंगा मगर पुलिस के हाथ नहीं आऊंगा। पूरी खबर पढ़ें 12- आगरा में रोड पर फैलाई आलू की बोरियां, गले में आलू की माला पहनी आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे के खंदौली टोल प्लाजा पर सपा कार्यकर्ताओं ने आलू की कीमतों को लेकर प्रदर्शन किया। गले में आलू की माला पहनकर प्रदर्शन करने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा की लाइन नंबर नौ पर आलू फैला दिए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस से प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक हुई। पुलिस बोली- किसान फॉर्च्यूनर में नहीं चलते। पूरी खबर पढ़ें 13- शेरनी नीरजा ने 4 शावकों को जन्म दिया, इटावा में दुलार करती दिखी इटावा सफारी पार्क में शेरनी नीरजा ने चार शावकों को जन्म दिया है। शेरनी और शावक स्वस्थ हैं। सीसीटीवी से उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। केज के आसपास 7 दिन तक पब्लिक या सामान्य कर्मचारी के जाने की अनुमति नहीं है। शावक नर हैं या मादा, यह एक सप्ताह के बाद पता चलेगा। शावकों का वीडियो सामने आया है जिसमें मां दुलार करती नजर आ रही। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- पचपन की उम्र में 7वीं शादी की तैयारी, तीसरी पत्नी का बेटा थाने पहुंचा आजमगढ़ में एक व्यक्ति सातवीं बार शादी करने जा रहा। 55 वर्षीय व्यक्ति छह शादी कर चुका है। सातवीं बार दूल्हा बनने जा रहे व्यक्ति की राह में बेटा रोड़ा बन गया है। तीसरी पत्नी से हुए बेटे ने थाने पहुंचकर पिता की शादी रोकने की गुहार लगाई। कहा- शादी के लिए जमीन बेची दी और 50 हजार रुपए कर्ज भी लिया है। मां बोली- 2 पत्नियां मर चुकी हैं, 4 शादी के बाद भाग गईं थीं। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास… 15- बीएड प्रवेश आवेदन का आखिरी मौका 10 मार्च को यूपी बीएड जेईई 2026 के लिए आवेदन का आखिरी दिन है। बीएड एडमिशन को इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन कर रही है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…