नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बहराइच से है। यहां 8 घंटे में 2 बच्चों को भेड़िए खा गए। वहीं, दूसरी खबर अरेस्ट हुए ड्रग तस्कर पर बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह के बयान को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- बहराइच में भेड़िए 8 घंटे में 2 बच्चों को खा गए, एक को मां की गोद से ले गया बहराइच में भेड़िए 8 घंटे में दो बच्चों को खा गए। शुक्रवार शाम को पहली घटना में भेड़िए एक बच्चे की गर्दन दबोचकर घर से उठा ले गए। उसकी दोनों हथेली खा गए। दूसरी घटना में भेड़िया, मां की गोद से बच्ची को उठा ले गया। 3 महीने में भेड़ियों ने 9 बच्चों समेत 10 लोगों को मार डाला, जबकि 38 घायल हुए। सीएम के आदेश पर पहले 4 भेड़ियों का एनकाउंटर हो चुका है। पूरी खबर पढ़ें 2- ड्रग तस्कर संग VIDEO पर धनंजय ने चुप्पी तोड़ी, कहा- योगी को लेटर लिखूंगा लखनऊ में गिरफ्तार ड्रग तस्कर अमित टाटा के साथ फोटो और VIDEO पर बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही। कोडीन मिक्स नशीली सिरप तस्करी की CBI जांच कराई जानी चाहिए। मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी को पत्र लिखूंगा। STF ने 27 नवंबर को अमित टाटा को अरेस्ट किया था। पूरी खबर पढ़ें 3- अखिलेश बोले- BJP से एक इधर आ जाए- वैकेंसी निकाल देंगे, भाजपा में जूते चल रहे अखिलेश यादव ने कहा- BJP से एक इधर आ जाए, वैकेंसी निकाल देंगे। सुना है BJP में आपस में जूते चल रहे हैं। अंदर मार पिटाई भी चल रही है। एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिशें हो रही हैं। हालांकि, अखिलेश ने किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन, जानकारों का कहना है कि उनका इशारा केशव मौर्य की तरफ हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में इंडी गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा। पूरी खबर पढ़ें 4- SIR के लिए बरेली का सलीम 40 साल बाद गांव लौटा, हिंदू से मुस्लिम बन गया था बरेली में हिंदू से मुस्लिम बना एक शख्स SIR के लिए 40 साल बाद वापस अपने गांव लौटा। काशीपुर के ओमप्रकाश 15 साल की उम्र में नाराज होकर घर छोड़कर चले गए थे। दिल्ली जाकर उन्होंने मुस्लिम धर्म अपना लिया और सलीम बन गए। उन्हें गांववालों ने मरा मान लिया था। लेकिन SIR शुरू हुआ तो फॉर्म भरने 15 साल के बेटे के साथ पहुंचे। गांव वालों ने बैंड-बाजे के साथ उनका स्वागत किया। पूरी खबर पढ़ें 5- अलीगढ़ में 28 साल की महिला सिपाही ने जान दी, 9 साल पहले भर्ती हुई थी अलीगढ़ में महिला कॉन्स्टेबल ने सुसाइड कर लिया। शनिवार को पड़ोसी महिला ने खिड़की से उसे लटकते देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला सिपाही को फंदे से उतारा। आगरा के किरावली की रहने वाली हेमलता (28) 2016 बैच की सिपाही थी। उसकी तैनाती रोरावर थाने में थी। वह बन्ना देवी इलाके में किराए के मकान में रहती थी। अब तक सुसाइड की वजह क्लियर नहीं है। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- मेरठ में मुसलमान को मकान बेचा, हिंदू संगठनों ने थाने में पढ़ी हनुमान चालीसा मेरठ में मुस्लिम व्यक्ति ने एक हिंदू का मकान खरीदा तो हिंदूवादी संगठन ने विरोध शुरू कर दिया। हिंदू परिवार को मकान वापस दिलाने के लिए संगठन के लोगों ने थाने में हनुमान चालीसा पढ़ने लगे। विरोध के बाद पुलिस ने खरीदार को थाने बुलाया। बताया जा रहा कि पत्नी के साथ थाने के लिए निकले सईद रास्ते में हार्ट अटैक से बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरी खबर पढ़ें 7- योगी बोले- कब्जा करने वालों की सीधी की, इतना कूटा कि अब उस पर फैक्ट्री बनवा रहे गोरखपुर में गीडा के स्थापना दिवस पर योगी ने कहा- 8 साल पहले यूपी में गुंडागर्दी चरम पर थी। व्यापारी की प्रॉपर्टी कब्जा हो जाती थी। डबल इंजन की सरकार ने कब्जा करने वालों की कमर सीधी कर दी। इतनी कुटाई हुई कि ये गायब हो गए। कब्जे की जमीनों पर हम लोग अब फैक्ट्री बनवा रहे। सीएम ने शनिवार को महराजगंज में गुरु गोरक्षनाथ की प्रतिमा का अनावरण भी किया। पूरी खबर पढ़ें 8- प्रयागराज में शिक्षा मंत्री बनकर फोन किया, महिला बोली- क्लास 6 में तुरंत एडमिशन लीजिए प्रयागराज के एक स्कूल में एडमिशन दिलवाने के लिए महिला ने मंत्री बनकर स्कूल प्रिंसिपल को फोन किया। फोन करने वाली महिला ने खुद प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री बनकर बात की। उसने अपना नाम रजनी तिवारी बताया। दो बच्चों को क्लास 6 और 7 में एडमिशन लेने के लिए कहा। स्कूल वालों ने मंत्री को बतौर गेस्ट बुलाने के लिए उसी नंबर पर फोन किया। तो पूरे मामले की पोल खुल गई। पूरी खबर पढ़ें 9- पीलीभीत में सपा कार्यालय खाली कराया, 2005 से ईओ आवास पर कब्जा था पीलीभीत में सपा कार्यालय को नगर निगम ने शनिवार को खाली करा दिया। यहां नगर पालिका ईओ का आवास बनेगा। अधिकारी, भारी पुलिस फोर्स के साथ शहर के नकटादाना चौराहे पर बने कार्यालय पहुंचे।टीम ताला तोड़कर अंदर घुसी। कार्यालय का सारा सामान बाहर निकालकर उसे नगर पालिका के हवाले कर दिया गया। साल 2005 में 115 रुपए किराए पर ये ऑफिस सपा को दिया गया था। पूरी खबर पढ़ें 10- मुरादाबाद में पुलिसवालों की गुंडई, खाना न देने पर रेस्टोरेंट मालिक को दौड़ाकर पीटा मुरादाबाद में पुलिसवालों ने एक रेस्टोरेंट मालिक और स्टाफ को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। ठाकुरद्वारा कस्बा इंचार्ज और सिपाही गुरुवार आधी रात को रेस्टोरेंट पहुंचे और खाने का डिमांड किए। रेस्टोरेंट मालिक ने किचन बंद होने का हवाला देते हुए खाना खत्म होने की बात कही। इस पर वे दोनों भड़क गए। SSP सतपाल अंतिल ने आरोपी दरोगा और सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें 11- श्रीप्रकाश जायसवाल को श्रद्धांजलि देने महाना-रजा मुराद पहुंचे, अंतिम दर्शन के लिए भीड़ लगी पूर्व कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का शुक्रवार को कानपुर में निधन हो गया। वे 81 साल के थे। शुक्रवार शाम अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए भीड़ लग गई। स्पीकर सतीश महाना, अभिनेता रजा मुराद सहित कई सांसद-विधायकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरी खबर पढ़ें 12- गोरखपुर में मंत्री के डॉक्टर बेटे से ठगी, मरीजों की फीस दूसरे के खाते में चली जाती गोरखपुर में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के डॉक्टर बेटे के साथ साइबर ठगी हुई। जालसाज ने उनके बेटे अमित कुमार निषाद के मोबाइल नंबर पर बैंक खाता खोला। इसके बाद गूगल-पे पर UPI आईडी भी बना ली। अमित निषाद के पास जब भी कोई पैसा भेजता, तो वह रकम जालसाज के खाते में चली जाती थी। जांच के बाद पुलिस ने समरीन अली नामक के व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है। पूरी खबर पढ़ें 13- उन्नाव में दरोगा बोली- तुम्हारे बाप के नौकर नहीं, जूता लगाएंगे तो शक्ल भूल जाओगी उन्नाव में एक महिला दरोगा ने बुजुर्ग महिला से कहा- इतना जूता लगाएंगे कि शक्ल भूल जाओगी। तुम्हारे बाप के नौकर नहीं है समझ गई तुम। सदर कोतवाली की महिला दरोगा उमा अग्रवाल, डकौली गांव में एक मुकदमे की नोटिस देने पहुंची थी। पीड़िता ने जब सादे कागज पर सिग्नेचर करने से मना किया तो उसने बुजुर्ग को अंगुली दिखाते हुए धमकी दी। एसपी ने मामले की जांच सीओ को सौंपी है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- स्कर्ट में आग लगाकर किया डांस अलीगढ़ की 14 वर्षीय गनिका जाखड़ ने स्कर्ट में आग लगाकर स्पिन डांस किया। बच्ची का नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। 28 अक्टूबर को गनिका ने अपने घर पर ही फायर डांस का रिकॉर्ड एक्ट परफॉर्म किया। करीब 1 महीने की वेरिफिकेशन के बाद 26 नवंबर को इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक प्रमाण-पत्र जारी कर दिया। पूरी खबर पढ़ें
कल क्या रहेगा खास 15- बार काउंसिल ऑफ इंडिया कराएगा AIBE परीक्षा 30 नवम्बर को अखिल भारतीय बार परीक्षा (AIBE) का आयोजन है। यह परीक्षा, बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की जाती है। कोर्ट में प्रैक्टिस करने के लिए इस परीक्षा को पास करना अनिवार्य है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…