यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:विधानसभा में पल्लवी पटेल सपा के साथ नहीं; ADM का PCS पत्नी के साथ धरना; कुत्ते की तेरहवीं पर सिर मुंडवाया

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर यूपी बजट सत्र का राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से शुरूआत को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर बस्ती से लापता दरोगा की अयोध्या में लाश मिलने और एडीएम भाई-भाभी के धरने से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- विधानसभा में सपा विधायकों के हंगामे पर राज्यपाल भड़कीं; पल्लवी पटेल बैठी रहीं यूपी विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार सुबह 11 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से शुरू हुआ। जैसे ही राज्यपाल ने बोलना शुरू किया, सपा विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में आ गए। महंगाई, बेरोजगारी, SIR, UGC आदि मुद्दों पर नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन में पल्लवी पटेल शामिल नहीं हुईं, वह सीट पर बैठी रहीं। एमएलसी आशुतोष सिन्हा साइकिल से पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें 2- बस्ती से लापता दरोगा की लाश अयोध्या में मिली; ADM भाई-PCS भाभी ने धरना दिया बस्ती के लापता दरोगा अरुण कुमार गोंड की लाश अयोध्या में मिली। रविवार को सरयू नदी में शव उतराता मिला। दरोगा के ADM भाई ने इसे प्लांड मर्डर बताया। पूरे थाने को सस्पेंड करने और सीओ पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के रवैए से नाराज एडीएम और उनकी पीसीएस पत्नी ने बस्ती में धरना दिया। अधिकारियों के मनाने पर करीब 2 घंटे बाद उन्होंने धरना खत्म किया। पूरी खबर पढ़ें 3- कुलदीप सेंगर को सुप्रीम कोर्ट से झटका; जमानत देने से किया इनकार भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं मिल सकी है। उन्नाव रेप पीड़ित के पिता की कस्टोडियल डेथ मामले में सोमवार को जमानत पर सुनवाई से इनकार कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट से आग्रह किया है कि वह सेंगर की अपील पर सुनवाई तीन महीने के भीतर पूरी करे। मामले में ट्रायल कोर्ट ने 10 साल की सजा 2020 में सुनाई थी। पूरी खबर पढ़ें 4- वाराणसी दाल मंडी में व्यापारी ने अपनी दुकान फूंकी; खुद पर भी पेट्रोल छिड़का वाराणसी की दाल मंडी में प्रशासन जर्जर 21 मकानों को ढहा रहा। कार्रवाई होते देख एक व्यापारी ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। मकान के पहले फ्लोर पर खड़े होकर सुसाइड करने की चेतावनी दी।इसके बाद उसने अपनी दुकान फूंक दी। यह देख अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। किसी तरह उसे पकड़ थाने ले गई। हंगामा करने पर 8 लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। पूरी खबर पढ़ें 5- रिंकू सिंह IPL के बाद सांसद प्रिया से करेंगे शादी; काशी में लेंगे 7 फेरे IPL के बाद क्रिकेटर रिंकू, सांसद प्रिया सरोज के साथ 7 फेरे लेंगे। उनकी शादी काशी में होगी। गेस्ट लिस्ट छोटी बनाई गई है। पिछले साल 8 जून को लखनऊ में दोनों की रिंग सेरेमनी हुई थी। इसके बाद नवंबर 2025 में शादी की डेट फिक्स हुई थी। लेकिन शादी नहीं हो पाई। फिर फरवरी 2026 की तारीख तय हुई लेकिन T-20 वर्ल्ड कप और IPL के चलते जून में शेड्यूल किया गया। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- सीतापुर में CM योगी बोले- बांग्लादेश में दलित हिंदू मारे जा रहे, बंटोगे तो कटोगे सीतापुर पहुंचे CM योगी बोले- सनातन पर संकट देश पर संकट। बंटोगे तो कटने के रास्ते खुलेंगे, बांटने वालों से सावधान रहना। बांग्लादेश में आज हिंदुओं की हालत किसी से छिपी नहीं है। वहां रोज दलित हिंदुओं की हत्या हो रही है। तपोधाम आश्रम में गिरधारी नाथ महाराज स्मारक स्थल का उन्होंने अनावरण किया। इसके बाद महंत गिरधारी नाथ की गुफा का उद्घाटन किया। पूरी खबर पढ़ें 7- शंकराचार्य बोले- योगी खलीफा जैसे; सीएम कुर्सी छोड़ें या अपनी महंती माघ मेला के बाद काशी में प्रवास कर रहे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- योगी खलीफा जैसे है। वह सीएम कुर्सी छोड़ें या अपनी महंती छोड़ें। योगी को हिंदू साबित करने के लिए 40 दिन दिया था, 10 दिन बीत गए हैं। बीते दिनों योगी सरकार से कहा था- गो माता को राज्य माता घोषित करें। यूपी से गोमांस का निर्यात बंद करें; नहीं तो वे उनको गैर हिंदू घोषित कर देंगे। पूरी खबर पढ़ें 8- कानपुर लेम्बोर्गिनी रोड रेज केस में कारोबारी के बेटे पर FIR; पहले अज्ञात दर्ज किया था कानपुर में लेम्बोर्गिनी से 6 लोगों को उड़ाने के मामले में बैकफुट पर आई पुलिस ने अब कारोबारी के बेटे पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया- जांच में नाम आने के बाद नामजद एफआईआर किया गया है। पुलिस ने पहले अज्ञात में केस दर्ज किया। उधर, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- जो दुर्घटना करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। पूरी खबर पढ़ें 9- वाराणसी में प्रिंसिपल ने छात्राओं से बैडटच किया; जूता-चप्पल लेकर लोगों ने स्कूल घेरा वाराणसी में प्राइमरी स्कूल के प्रिंसिपल ने छात्राओं से बैडटच किया। छात्राओं ने विरोध किया तो 58 साल के प्रिंसिपल ने जान से मारने की धमकी दी। छात्राओं के मां-बाप को यह बात पता चली तो वे जूता-चप्पल लेकर स्कूल पहुंच गए। करीब 200 लोग आरोपी को खोजने लगे तो उसने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। किसी तरह हेलमेट पहनाकर पुलिस उसे थाने लेकर गई। पूरी खबर पढ़ें 10- नोएडा में बिजली के लिए किसानों ने निकाला पैदल मार्च; ट्रैक्टर पर बैठकर पहुंचे नोएडा में 40 कॉलोनियों के लोग सोमवार को बिजली की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे। भारतीय किसान परिषद की अगुवाई में पैदल मार्च निकाला। बैनर-पोस्टर लेकर सेक्टर-16 बिजली घर जा रहे थे। किसानों के अनुसार, वे बिजली कनेक्शन के लिए धरना देंगे। भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि डूब क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोग बिजली से वंचित है। पूरी खबर पढ़ें 11- ललितपुर में मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी के लिए धरना; युवक की हुई थी मौत ललितपुर में मंत्री मनोहर लाल पंत के बेटे की गाड़ी से घायल युवक की मौत 13 दिन बाद हो गई। युवक की मौत के बाद सोमवार को परिजन ने धरना दिया। धरने में मृतक की मां बेहोश हो गई। 9 घंटे से अधिक समय तक चले धरने में 200 से अधिक लोग मौजूद रहे। इनकी मांग थी कि मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा और एक को नौकरी मिले। पूरी खबर पढ़ें 12- प्रयागराज में CRPF ज्वाइनिंग से पहले युवक की मौत; बारातियों की 2 कार नहर में गिरी प्रयागराज में बारातियों से भरी 2 कारें नहर में गिर गईं। गाड़ी में सवार सभी 10 लोग पानी में डूब गए। हादसे में 2 की मौत हो गई, जबकि 8 को बचाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन रात भर चला। सुबह 2 शव मिले। मृतकों की पहचान बांदा के प्रदीप कुशवाहा (30) और बलिया के अनीश सिंह (20) के रूप में हुई है। पिता की मौत के बाद अनीश की CRPF में ज्वाइनिंग होने वाली थी। पूरी खबर पढ़ें 13- कानपुर में NICU में बच्ची जिंदा जली; परिजन ने अस्पताल में तोड़फोड़ की कानपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल के NICU के वॉर्मर मशीन में रविवार शाम आग लग गई। आग की वजह से वार्ड में एडमिट मासूम की जिंदा जलने से मौत हो गई। बच्ची तड़पती रही, पूरा शरीर जलकर काला हो गया, उसकी चमड़ियां उधड़ गईं। चेहरा, छाती, पेट, जांघ बुरी तरह झुलस गया था। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ किया। FIR के खिलाफ तहरीर दी। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- आगरा में कुत्ते की हुई तेरहवीं; परिवार ने सिर मुंडवाए-हवन किया आगरा में एक परिवार ने अपने पालतू डॉग की तेरहवीं की। कुत्ते की एक बड़ी फोटो रखकर आत्मा की शांति के लिए हवन-पूजन करवाया। 13 ब्राह्मणों को भोज कराया गया। उन्हें दान-दक्षिणा भी दी। परिजन के अनुसार, वह परिवार में बेटे की तरह रहा। नाम ‘तिलकधारी टाइगर’ था। बीमारी के चलते 28 जनवरी को उसकी मौत हो गई थी। राजघाट में अंतिम संस्कार किया गया था। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास 15- बीएड में एडमिशन के लिए आवेदन होगा शुरू 10 फरवरी से यूपी के कॉलेजों में बीएड में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू होगा। 10 मार्च तक फार्म भरे जा सकेंगे। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा इस बार बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी झांसी करा रही है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…