यूपी बोर्ड परीक्षा कल से शुरू:बागपत एसपी की अभिभावकों से अपील, अनाधिकृत वाहनों से बच्चों को न भेजें

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। इसे लेकर बागपत पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज कुमार राय ने अभिभावकों से छात्रों को अनाधिकृत वाहनों से परीक्षा केंद्रों पर न भेजने की अपील की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। एसपी राय ने बताया कि कई छात्र-छात्राएं दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। इनमें से अधिकांश 18 वर्ष से कम आयु के हैं, जो ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पात्र नहीं होते। साथ ही, कई विद्यार्थी बिना हेलमेट के वाहन चलाते दिख रहे हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने अभिभावकों से परीक्षा अवधि के दौरान बच्चों को सार्वजनिक या अधिकृत परिवहन व्यवस्था से ही परीक्षा केंद्रों पर भेजने का आग्रह किया है। इसके अतिरिक्त, विवाह समारोहों के कारण डीजे और तेज ध्वनि से छात्र-छात्राओं की परीक्षा की तैयारी प्रभावित होने की शिकायतें मिल रही हैं। इन शिकायतों के मद्देनजर, एसपी ने रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। एसपी सूरज कुमार राय ने सभी थाना प्रभारियों को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए ध्वनि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।