यूपी में कड़ाके की ठंड, गायों को कोट पहनाया:गोरखपुर-बरेली में शून्य विजिबिलिटी; कल 34 जिलों में घना कोहरा रहेगा

यूपी में अब कोल्ड वेव चल रही है। कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और उत्तराखंड से सटे 40 से ज्यादा जिलों में सर्द पछुआ हवाएं चलीं। घने कोहरे की वजह से आगरा, बरेली, कुशीनगर और गोरखपुर में सुबह के वक्त विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। बहराइच में 20 मीटर, अलीगढ़ और फर्रुखाबाद में 30 मीटर तक विजिबिलिटी रिकॉर्ड हुई। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गाड़ियां रेंगती नजर आईं। ओस की बूंदें बारिश जैसी पड़ रही थीं। कोहरे का असर यातायात पर भी देखने को मिला। गोरखपुर एयरपोर्ट से 8 और लखनऊ से 14 फ्लाइट्स ने देरी से उड़ान भरी। काशी में 9 और लखनऊ में 4 फ्लाइटें कैंसिल कर दी गईं। कानपुर रेलवे स्टेशन पर 38 और अयोध्या रेलवे स्टेशन पर 10 ट्रेनें 2 से 4 घंटे की देरी से पहुंचीं। कानपुर में पहली बार ठंड से बचाने के लिए गोशालाओं में गोवंश को काउ-कोट पहनाया गया है। दिन और रात में अलाव जलाए जा रहे हैं। सरकार भी अलर्ट मोड पर है। लोगों से अपील की गई है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें। हाईवे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट 60 से 80 के बीच कर दी गई है। बरेली, कानपुर, कासगंज, औरैया और जौनपुर में 20 दिसंबर तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कानपुर देहात, आगरा, फर्रुखाबाद और संभल 12वीं तक के स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई है। लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। कक्षा 12 तक के स्कूलों में सुबह 9 बजे से पढ़ाई शुरू होगी। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के 34 जिलों में बहुत अधिक घना कोहरा रहेगा। इनमें लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, गाजीपुर आदि जिले शामिल हैं। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भयंकर ठंड का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में घना कोहरा रहेगा। किसानों का कहना है कि कोहरा गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है, लेकिन आलू, दलहन और मटर के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है। आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। दिन के अधिकांश समय दृश्यता कम रही। 20 दिसंबर तक कमोबेश ऐसा ही माैसम रहने वाला है। अगले 3 दिन कड़ाके की ठंड देखने को मिल सकती है। मौसम की तस्वीरें देखिए- 2 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…