यूपी में 44 फ्लाइटें कैंसिल, एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी:लखनऊ में यात्रियों की इंडिगो कर्मियों से झड़प; 24 घंटे से इंतजार कर रहे लोग

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो में चल रहे संकट का असर यूपी में शुक्रवार को देखने को मिला। एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी जैसा माहौल है। अब तक 44 फ्लाइटें रद्द हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा वाराणसी में 22 फ्लाइटें कैंसिल हुई हैं। लखनऊ से 16, गोरखपुर से 4 और प्रयागराज से 2 फ्लाइटें रद्द की गई हैं। फ्लाइटें कैंसिल होने से एयरपोर्ट पर हालात बदतर हैं। यात्री 24-24 घंटे से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। बच्चे, बुजुर्ग और अन्य यात्री परेशान हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों ने दूसरे दिन भी हंगामा किया। दोपहर 2 बजे इंडिगो के काउंटर पर कर्मचारियों और यात्रियों के बीच झड़प हो गई। यात्रियों का कहना है कि फ्लाइट कैंसिल रहती है। इसके बावजूद बोर्डिंग पास दिए जा रहे हैं। मोबाइल पर फ्लाइट चेक-इन के मैसेज भी आते रहते हैं। वहीं, वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री जब एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचे तो कर्मचारियों से नोकझोंक हो गई। उड़ानों की जानकारी न मिलने से यात्री बेहद परेशान हैं।। इधर, केंद्र सरकार ने इंडिगो को फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नए नियमों से राहत दे दी है। सरकार ने अपना वह आदेश तत्काल वापस ले लिया, जिसके तहत पायलटों समेत अन्य क्रू को हर हफ्ते लगातार 48 घंटे का वीकली रेस्ट देना अनिवार्य किया गया था। इंडिगो शुक्रवार को लगातार चौथे दिन क्रू मेंबर्स (पायलट सहित अन्य फ्लाइट स्टाफ) की कमी से जूझ रही है। इसके कारण दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद सहित कई एयरपोर्ट पर 500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। पिछले 4 दिनों का आंकड़ा 1200 से ज्यादा पहुंच गया है। ‌वाराणसी-लखनऊ एयरपोर्ट की तस्वीरें देखिए… यात्रियों ने क्या कहा, जानिए यूपी के एयरपोर्ट्स पर कैसे हालात हैं, जानने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…