यूपी सरकार की चेतावनी-बेवजह 3 दिन घरों से न निकलें:शीतलहर-ठंड से 6 शहरों में स्कूल 20 दिसंबर तक बंद, 10 जिलों में टाइमिंग बदली

यूपी में अगले तीन दिन भयंकर ठंड पड़ने वाली है। सरकार ने चेतावनी जारी की है। कहा, अगले 2-3 दिनों तक प्रदेश में घना कोहरा रहेगा। विजिबिलिटी शून्य तक जा सकती है। इसलिए बेवजह घर से बाहर न निकलें न ही यात्रा करें। प्रदेश के राहत आयुक्त हृषिकेश भास्कर याशोद ने सभी 75 जिलों के DM और SP को लेटर लिखा है। मौसम संबंधी अलर्ट लोगों तक पहुंचाने को कहा है। लोगों से सड़कों पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की गई है। बरेली, कानपुर, आगरा, कासगंज, औरैया और जौनपुर में 20 दिसंबर तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। कक्षा 12 तक के स्कूलों में सुबह 9 बजे से पढ़ाई शुरू होगी। मौसम विभाग (IMD) ने बताया, शुक्रवार को कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, कानपुर नगर के आसपास कोल्ड वेव चलेंगी। आज सुबह 30 जिलों में घना कोहरा रहा
आज लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और अयोध्या सहित 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। पाकिस्तान के रास्ते आ रही नमी और ठंडी हवाओं (पश्चिमी विक्षोभ) ने ठिठुरन बढ़ा दी। बरेली में ठंड ने 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस दौरान हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। 7 फ्लाइट्स लेट हुईं। एक रद्द करनी पड़ी, जबकि एक अन्य को डायवर्ट करना पड़ा। गोरखपुर एयरपोर्ट से भी 6 फ्लाइटें लेट उड़ीं। वाराणसी में 15 फरवरी तक 10 विमानों को रद्द कर दिया गया। 42 फ्लाइट्स को रीशेड्यूल किया गया। अब एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट सुबह 7:35, जबकि अंतिम फ्लाइट रात्रि 9:45 बजे उड़ान भरेगी। खराब विजिबिलिटी की वजह से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और इटावा समेत कई स्टेशनों पर 50 से ज्यादा ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। बुधवार की बात करें तो प्रदेश में कानपुर सबसे ठंडा रहा। न्यूनतम पारा 6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पश्चिम भारत और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात और ऊपरी हवा के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। दिन के अधिकांश समय दृश्यता कम रही। 20 दिसंबर तक कमोबेश ऐसा ही माैसम रहने वाला है। अगले 4 दिन पूर्वी यूपी में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम की तस्वीरें देखिए- 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम कल कैसा रहेगा मौसम? मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…