यूपी में कोडीन कफ सिरप केस में फरार आरोपियों पर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। सोनभद्र पुलिस ने चार आरोपियों पर 25–25 हजार रुपए इनाम घोषित किया है। इनमें मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल, विशाल उपाध्याय, निशांत उर्फ रवि गुप्ता और विजय गुप्ता शामिल हैं। शुभम दुबई फरार हो गया था। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हो चुका है। शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल को पुलिस 30 नवंबर को कोलकाता से गिरफ्तार कर चुकी है। वह विदेश भागने की फिराक में था। इस समय वह जेल में है। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया, आरोपियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है। वहीं, SSP आज़मगढ़ ने भी फरार विपेंद्र सिंह पर 25 हजार का इनाम घोषित किया है। उसके खिलाफ कफ सिरप केस में दीदारगंज थाने में केस दर्ज है। साथ ही 12 अन्य मुकदमे हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट जैसे केस हैं। वाराणसी से सिरप की तस्करी बांग्लादेश करने वाले 5 अरेस्ट वाराणसी पुलिस ने मंगलवार को 5 आरोपियों को पकड़ा है। ये सभी लोग बोगस (फेक) फर्म के जरिए करोड़ों का कोडीन कफ सिरप बांग्लादेश भेजते थे। फिर ब्लैक मनी वापस इंडिया शुभम जायसवाल के अकाउंट में पहुंच जाती थी। पूछताछ में प्रतीक गुजराती का नाम सामने आया है। वह हवाला का काम करता है। शुभम के पैसों को ब्लैक से व्हाइट कर रहा था। रोहनिया पुलिस ने चंदौली के मुगलसराय निवासी स्वप्निल केसरी, वाराणसी के मैदागिन निवासी दिनेश कुमार और इश्वरगंगी निवासी आशीष यादव को गिरफ्तार किया। वहीं सारनाथ पुलिस ने सारनाथ के रहने वाले विष्णु कुमार पांडेय और महमूरगंज निवासी लोकेश अग्रवाल को दबोचा है। कैसे कोडीन कफ सिरप केस सामने आया? चिप्स और नमकीन लदे ट्रक में पकड़ा था सीरप
सोनभद्र पुलिस ने 18 अक्टूबर को चिप्स और नमकीन लदे एक ट्रक को पकड़ा था, जिसमें ये कफ सिरप तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी के बाद इस मामले ने न सिर्फ तूल पकड़ना शुरू कर दिया, बल्कि एजेंसियों की जांच में भी तेजी आ गई। पिछले महीने STF ने किंगपिन शुभम जायसवाल के करीबी अमित सिंह टाटा (उर्फ अमित टाटा) को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। टाटा पर झारखंड की एक मेडिसिन फर्म के जरिए सिरप डायवर्ट करने का आरोप है। 12 नवंबर को विभोर राणा और विशाल सिंह को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया। 2 दिसंबर को बर्खास्त कॉन्स्टेबल आलोक प्रताप सिंह को यूपी STF ने उस समय गिरफ्तार किया, जब वह कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में था। इन लोगों के पास से STF और पुलिस ने जौनपुर, वाराणसी, बस्ती और रायबरेली में छापे मारकर करीब 89 लाख बोतलें जब्त कीं। इनकी कीमत 100 करोड़ से ज्यादा है। STF इस मामले में अंतरराष्ट्रीय लिंक तलाश रही है। कई बैंकों के अकाउंट फ्रीज किए गए हैं। फाइनेंशियल रिकार्ड चेक किए जा रहे हैं। 9 दिसंबर को बरामद हुई थी 30 हजार कफ सीरप, गोदाम में पेटियां छिपाई थीं
वाराणसी समेत पूर्वांचल में फैले कफ सीरप सिंडीकेट पर एक्शन में जुटी एसआईटी ने 9 दिसंबर को कफ सीरप माफिया शुभम जायसवाल के करीबी और बिजनेस पार्टनर मनोज कुमार के गोदाम पर छापा मारकर लाखों रुपए की कफ सीरप बरामद की थी। गांव में बंद पड़े गोदाम के अंदर इन सीरप के गत्तों को पुराने परिसर में छिपाकर और ढक कर रखा गया था। जारी हुई लुक आउट नोटिस
शुभम पर इनाम के साथ ही साथ लुकआउट नोटिस जारी की गई है। इसके कई साथियों के साथ इसके पिता को भी जेल भेजा जा चुका है। इसकी मोड्स अपरेंडी और किस तरह से तस्करी करता था। इसपर हमारी SIT लगातार काम कर रही है और जल्द ही हम इसकी रिपोर्ट कोर्ट में पेश करेंगे। FSDA ने क्या किया?
FSDA ने मैन्युफैक्चरिंग और डिस्ट्रीब्यूशन लेवल पर सख्ती बरती। शेल फर्म्स को निशाना बनाया, जो कोडीन सिरप को ‘मेडिकल सप्लाई’ के नाम पर नशे के बाजार में पहुंचा रही थीं। ये नेटवर्क पूर्वी यूपी के वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र जैसे जिले में सक्रिय था। अकेले वाराणसी में 26 फर्म्स के खिलाफ 15 नवंबर को FIR दर्ज की गई। इसके बाद 12 और फर्म्स पर केस दर्ज किया गया। जौनपुर में दिल्ली बेस्ड वन्या ट्रेडर्स और 3 लोकल फर्म्स पर 2.6 करोड़ के अनियमित ट्रांजैक्शन के लिए कार्रवाई की गई। यहां कुल 18 फर्म्स पर केस दर्ज किया गया। बाकी जिलों में मिलाकर करीब 128 केस अब तक दर्ज हो चुके हैं। FSDA लगातार ड्रग्स सप्लायर्स को नोटिस दे रहा और लाइसेंस निरस्त कर रहा है। ————————————– ये भी पढ़ें…. गर्लफ्रेंड को VIDEO कॉल कर छात्र ने फांसी लगाई: कानपुर में घरवाले बोले- लड़की धमकाती थी…शादी करो नहीं तो जहर खाकर फंसा दूंगी कानपुर के 23 साल के छात्र ने गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल कर फांसी लगा ली। वह असम के डिब्रूगढ़ में सेना की तैयारी कर रहा था। 27 दिसंबर की शाम वह फंदे पर लटका मिला था। सोमवार देर रात शव कानपुर लाया गया। आज सुबह उसका अंतिम संस्कार हुआ। पढ़ें पूरी खबर…