योगी पहली बार जापान पहुंचे, बच्ची ने तिलक लगाया:बोले- यूपी में जितनी चुनौतियां, उतनी संभावनाएं; निवेश का न्योता दिया

CM योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर जापान में हैं। यह उनका पहला जापान दौरा है। वहां एक बच्ची ने तिलक लगाकर योगी का स्वागत किया। योगी ने टोक्यो में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नया उत्तर प्रदेश अब दंगा और अंधकार नहीं, बल्कि विकास, विरासत और उत्सवों की पहचान बन चुका है। जापान को ‘राइजिंग सन’ की धरती कहा जाता है, लेकिन भारत ‘सन ऑफ द सन’ की भूमि है। योगी बोले- महाकुंभ में 66 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जो कई देशों की कुल आबादी से भी अधिक है। पूरे वर्ष में लगभग 156 करोड़ पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और बौद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा की।

सीएम ने कहा- कोई भी समाज अपनी विरासत पर गर्व करके ही आगे बढ़ सकता है। विरासत पर गर्व अपने पूर्वजों और महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है। हमारे बारे में पूछा जाता है कि हम सनातनी क्यों हैं? क्योंकि ‘कृते च प्रति कर्तव्यं’ अर्थात किसी ने हमारे लिए कुछ किया है तो उसके प्रति आभार व्यक्त करना हमारा कर्तव्य है। दीपों से जगमगाता आज का अयोध्या योगी ने अयोध्या दीपोत्सव का जिक्र किया और कहा कि साल 2017 से पहले दीपावली इस भव्यता के साथ नहीं मनाया जाता था। सरकार बनने के बाद हमने दीपोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया। पहली बार जब दीप प्रज्ज्वलन की योजना बनी, तब 51 हजार दीपक भी अयोध्या और आसपास उपलब्ध नहीं थे। उस समय पूरे प्रदेश से 51 हजार दीपक इकट्टे किए गए थे। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब अयोध्या में 25 से 30 लाख दीपक एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। ये सभी दीपक स्थानीय स्तर पर बनाए जाते हैं।
आज का यूपी उत्सवों की पहचान है सीएम ने कहा कि अब यूपी में दंगा और कर्फ्यू की खबरें नहीं आतीं, बल्कि विकास और उत्सवों की चर्चा होती है। अयोध्या में दीपोत्सव, वाराणसी में देव दीपावली, मथुरा-वृंदावन में रंगोत्सव और बरसाना की लट्ठमार होली जैसे आयोजन प्रदेश की नई पहचान हैं। हमने बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की सीएम ने कहा कि पहले प्रदेश में कनेक्टिविटी और बिजली आपूर्ति का गंभीर संकट था। पहले की सरकारों के अधिकतर काम अंधेरे में होते थे। पहले की सरकारों की प्रवृत्ति ही लूट-खसोट की थी। हमने प्रदेश में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की।” बच्चों की प्रतिभा देख बोले- ‘मन छू लिया’ सीएम ने कार्यक्रम में बेटियों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की। इतनी दूर रहकर भी जिस आत्मविश्वास और लगन से आपने भारतीय संस्कृति को मंच पर जीवंत किया, वह बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि- प्रस्तुति में बेटियां ही नजर आईं, पुरुष प्रतिभागी नहीं थे।

यूपी में निवेश का दिया न्योता इससे पहले योगी ने जापान की राजधानी टोक्यो में ‘यूपी इन्वेस्टमेंट रोडशो’ में हिस्सा लिया। निवेशकों से बात की। उन्हें संबोधित करते हुए यूपी में आपार संभावनाओं का जिक्र किया। उन्होंने जापानी निवेशकों को यूपी आने का न्योता दिया। कहा- उत्तर प्रदेश में जितनी चुनौतियां हैं, उतनी ही संभावनाएं हैं। योगी ने कहा- पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत-जापान रिश्ते मजबूत हुए हैं। यूपी आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा राज्य है। जितनी बड़ी आबादी है, उतनी बड़ी चुनौतियां हैं, उतनी ही ज्यादा संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को जमीन पर उतारने के लिए हम 9 साल से काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा- भारत में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाले राज्य के तौर पर यूपी ने खुद को स्थापित किया है। यूपी ने अपनी अर्थव्यवस्था को तीन गुना, प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में सफलता पाई है। भारत की इकोनॉमी में कभी यूपी एक बीमारू राज्य माना जाता था, आज यह भारत की इकोनॉमी का इंजन बनकर खड़ा है। योगी ने कहा- आइए, आप सभी यूपी के सुरक्षित माहौल में निवेश करिए, अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के सपने को पूरा करिए। हम और हमारी सरकार आपका हमारे प्रदेश में स्वागत करने के लिए तैयार हैं। तस्वीरें देखिए-
योगी के संबोधन की बड़ी बातें- 1. भगवान राम और बुद्ध का जिक्र कर बात शुरू की
योगी ने कहा- लैंड ऑफ सनराइज को नमन करता हूं। भारत और जापान का संबंध सूर्य की पहली किरण से शुरू होता है और सूर्यवंश की राजधानी यूपी को एक आत्मीय संवाद के साथ जोड़ता है। उसे ही आगे बढ़ाने के लिए आपके बीच आया हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आज जिन ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है, उसे आगे बढ़ाने आया हूं। भारत और जापान के द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हो सकें, इसमें यूपी की भूमिका को बताने के लिए आपके बीच आया हूं। उन्होंने कहा- यूपी राम की पावन जन्मस्थली है। इसके साथ ही भगवान बुद्ध की पावन धरा है। उनका राज्य कपिलवस्तु यूपी में है। उन्होंने पहला उपदेश जिस पावन धरा पर दिया, वह सारनाथ यूपी में है। चर्तुमास वाला श्रावस्ती यूपी में है। परिनिर्वाण वाला कुशीनगर भी यूपी में है। आज यूपी में स्पिरिचुअल टूरिज्म को आगे बढ़ाने के लिए रामायण और बौद्ध सर्किट के काम को आगे बढ़ाया जा रहा है। जब भगवान राम और बुद्ध की बात होगी, तो इन दोनों का संबंध सूर्यवंश की उस महान परंपरा से जोड़ा जाएगा, जिस सूर्य की पहली किरण का इंतजार हमेशा जापानवासियों को होता है। 2. यूपी की 25 करोड़ की आबादी में 56% लोग वर्किंग
उन्होंने कहा- आबादी बड़ी है, लेकिन यूपी की भूमि उतनी ही उर्वरा भी है। भारत की कृषि योग्य भूमि का 11% ही यूपी में है, लेकिन भारत के खाद्यान्न का 21% उत्पादन यूपी करता है। यूपी भारत का फूड बास्केट बनकर उभरा है। यूपी के अंदर इस फील्ड में वैल्यू एडिशन की संभावनाएं हैं। बीज से लेकर बाजार तक, पैकेजिंग के लिए नए-नए काम किए जा सकते हैं। लॉजिस्टिक और वेयर हाउसिंग की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। भारत के अंदर सबसे अधिक जल संसाधन वाला राज्य भी यूपी है। इसका उपयोग कृषि और ग्रीन हाइड्रोजन के निर्माण में कर सकते हैं। 3. यूपी में निवेश की बहुत संभावनाएं
योगी ने कहा- यूपी में निवेश की बहुत संभावनाएं हैं। जापान की कई कंपनियों ने यूपी में निवेश किया है। जिन्होंने भी यूपी में निवेश किया, उन्हें यूपी में न सिर्फ सुरक्षित महसूस हुआ है, बल्कि वो उज्जवल भविष्य की एक नई कामना के साथ अपने बिजनेस को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। हमारे पास 34 से ज्यादा सेक्टरल पॉलिसिज हैं। 55% मोबाइल बनाने का काम सिर्फ यूपी में हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60% मैन्युफैक्चर यूपी में होता है। डाटा सेंटर बनाने का प्रस्ताव मिले हैं। हाल ही में सेमी कंडक्टर यूनिट का शिलान्यास किया गया। इन सभी सेक्टर की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए और आपके सहयोग के लिए हम यहां आए हैं। 4. यूपी में स्केल को स्किल में बदलने का सामर्थ्य
उन्होंने कहा- यूपी में एक सुरक्षित माहौल है, स्केल है, उस स्केल को स्किल बदलने का सामर्थ्य है। स्टेबिलिटी है, स्पीड है, ये सभी कुछ आपको यूपी में देखने को मिलेगा। पर्याप्त मात्रा में यंग वर्कफोर्स आपको मिलेगा। कोई समस्या नहीं है। इंडस्ट्रियल पार्क के लिए फोरलेन कनेक्टिविटी, पर्याप्त मात्रा में ऊर्जा आपूर्ति, यूपी में आज के दिन पर उपलब्ध कराई जा रही है। 75 हजार एकड़ का लैंडबैंक है। NCR, एक्सप्रेस-वे के साथ ही बुदेलखंड में भी झांसी के पास 56 हजार एकड़ में नई इंडस्ट्रियल सिटी बीडा के नाम पर शुरू हुआ है। 5. देश-दुनिया के निवेशकों से 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले
योगी ने कहा- बेहतर कानून व्यवस्था का परिणाम है कि 2023 में ग्लोबलल इंवेस्टर समिट किया था। इसमें यूपी को देश-दुनिया के निवेशकों से 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले थे। 15 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतर गए हैं। 7 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव पाइपलाइन में हैं। ग्राउंडब्रेकिंग समारोह में इसे भी जमीनी स्तर पर उतारेंगे। MSME का सबसे बड़ा आधार है यूपी के पास है। 96 हजार यूनिट है। 3 करोड़ से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। 1 हजार दिनों तक हर NOC से मुक्त रखा गया है। सरकार हर स्तर पर उनका सहयोग कर रही है।
———————— ये खबर भी पढ़िए- पत्नी और बहू-बेटों की सियासत में एंट्री को छटपटाए नेताजी:वेस्ट यूपी में नेताओं की अगली पीढ़ी को जिला-महानगर कमेटियों में एडजस्ट करने का प्रेशर वेस्ट यूपी में भाजपा के कुछ दिग्गज नेता अपनी अगली पीढ़ी को सियायस की सीढ़ी चढ़ाने के लिए छटपटा रहे हैं। इसके लिए संगठन में पत्नी, बहू और बेटों के लिए जगह बनाने की कवायद चल रही है। 6 साल के लंबे अंतराल के बाद वेस्ट यूपी में जिला और महानगर कमेटियों का गठन होने जा रहा है। जिला और महानगर अध्यक्षों को 27 फरवरी से पहले ये टास्क पूरा करने की हिदायत है। लेकिन बडे़ नेताओं की पत्नी, बहू और बेटों को एडजस्ट करने के प्रेशर ने नए संगठन की सूची एक बार फिर लटका दी है। पूरी खबर पढ़िए