योगी बोले- कुछ लोग वंदे मातरम् का विरोध करते हैं:उनके लिए देश में जगह नहीं, ये भारत का खाते हैं लेकिन राष्ट्रगीत में दिक्कत

सीएम योगी ने बाराबंकी में कहा- कुछ लोग हैं जो रहेंगे हिंदुस्तान में, खाएंगे हिंदुस्तान में लेकिन वंदे मातरम् नहीं कहेंगे। हम उनकी मंशा को समझे चुके हैं। ऐसे लोगों को पहचान लीजिए। ऐसे लोगों की जगह भारत में नहीं होनी चाहिए। लेकिन यह समझने का विषय है कि जो लोग वंदे मातरम् का विरोध कर रहे हैं वह भारत माता का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा- ब्रिटिश के लोग नहीं चाहते थे कि भारत एक रहे। यही कारण था कि उन्होंने भारत के खिलाफ बांटने की साजिश की। विदेशी हुकूमत होती ही ऐसी है। वह आपको कमजोर करेंगे। बांटने का काम करेंगे। आपकी एकता को छिन्न-भिन्न करने का काम करेंगे। भाई को भाई से लड़ने का काम करेंगे। यही मुगलकाल में होता था। बारांबकी के फतेहपुर में योगी ने 1734 करोड़ रुपए की 254 विकास प्रोजक्ट का लोकार्पण और शिलान्यास किया। बाराबंकी के कुर्सी में 232 एकड़ क्षेत्रफल में एक औद्योगिक क्षेत्र और हैदरगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस के पास 220 हेक्टेयर में एक इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया। योगी की बड़ी बातें… भारत अखंड था, बांटकर चोट पहुंचाई
योगी ने कहा- ब्रिटिश सरकार भारत के अंदर बांटने का काम करती थी। जो भारत लाखों हजारों साल से एक रहा। अखंड रहा। लगातार ब्रिटिश कालखंड में उसके एक-एक टुकड़े उससे अलग होते गए और सबसे दुर्घटनापूर्ण विभाजन 14 अगस्त 1947 का था। जब भारत की दो भुजाओं को भारत से पृथक करके भारत पर एक बड़ी चोट ब्रिटिश सरकार ने की थी। उनकी मंशा थी कि भारत को हम अलग-अलग भागों में विभाजित कर दें। इससे भारत के नागरिकों के मन में एक चिंता पैदा हो कि भारत एक नहीं रह सकता। सरदार वल्लभ भाई पटेल की सूझबूझ थी, उनका दृढ़ निश्चय था कि भारत की 563 रियासतों को शांतिपूर्ण तरीके से भारत का हिस्सा बनाकर उन्होंने बंटने नहीं दिया। कांग्रेस ने पटेल को पीएम नहीं बनने दिया
सीएम ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा- कांग्रेस ने देश में जब आजादी को आंदोलन चल रहा था, तब प्रधानमंत्री की कुर्सी के लिए 15 राज्यों ने लौह पुरुष सरदार पटेल के नाम का प्रस्ताव दिया था। लेकिन कांग्रेस ने उन्हें सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस ने उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया। जूनागढ़ का नवाब और हैदराबाद का निजाम पाकिस्तान भाग गए
योगी ने कहा- उस समय जूनागढ़ का नवाब और हैदराबाद का निजाम भारत राज्य में शामिल नहीं होना चाहते थे। आनाकानी कर रहे थे। वह स्वयं का स्वतंत्र अस्तित्व बनाए रखना चाहते थे। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने उसी समय इन दोनों से कहा कि भाई बातों से मानोगे नहीं तो हमारे पास दूसरे भी तरीके हैं। दूसरा तरीका आने के बाद हैदराबाद का निजाम हो या जूनागढ़ का नवाब दोनों भाग करके पाकिस्तान चले गए। मोहम्मदाबाद को सेक्यूलरिस्ट आंखें खोलकर देखें
सीएम ने कहा- आपके बगल में 5 किमी की दूरी पर मोहम्मदाबाद (अब महमूदाबाद) भी है, ये आंखों को खोलने वाला होना चाहिए और सेक्युलरिस्टों की आंखों में धूल जमी हुई है, उनको बताइए कि यही मोहम्मदाबाद का नवाब था जो मुस्लिम लीग का कोषाध्यक्ष बनकर पाकिस्तान के लिए पूरी धनराशि उपलब्ध करवाता था। संपत्ति भारत की और भारत की संपत्ति को भारत के खिलाफ भारत को तोड़ने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। उसके द्वारा जो शरारत की जा रही थी और वह भाग करके पाकिस्तान भी चला गया। कांग्रेस-सपा ने किसानों को भुखमरी तक पहुंचाया
सीएम योगी ने कहा- परिवारवाद की राजनीति करने वाली सपा-कांग्रेस ने यूपी को बीमारू राज्य बना दिया। किसानों को भुखमरी के लिए मजबूर कर दिया। लेकिन आज किसान खुशहाल है, दोगुना मुनाफा कमा रहा है। योगी ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार पटेल को सम्मान नहीं दिया। उनका सम्मान भाजपा सरकार में पीएम मोदी ने किया। बाराबंकी को उद्योग नगरी बनाने का तोहफा
सीएम ने ऐलान किया कि बाराबंकी में 232 एकड़ क्षेत्रफल में एक औद्योगिक क्षेत्र के विकास का कार्य हम लोग करने जा रहे हैं। बहुत बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया यहां पर हम लोग बनाने जा रहे हैं। हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस के निकट 220 हेक्टेयर में एक इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के विकास का कार्य तेजी से बढ़ाया जाएगा। सीएम योगी के बाराबंकी दौरे के और अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइये …