सीएम योगी ने प्रयागराज में स्टीमर से माघ मेले की तैयारियों को देखा। पक्षियों को दाना खिलाया। 11 ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच संगम नोज पर गंगा पूजन किया। मां गंगा को दूध अर्पित किया। फिर अफसरों के साथ माल मेले की समीक्षा की। इसके बाद सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा- 9 महीने बाद मैंने गंगा पूजन किया। माघ मेले की तैयारी शुरू हो चुकी है। 2024 की तुलना में इसका दायरा बढ़ाया गया है। इस बार माघ मेला 800 हेक्टेयर में बसेगा और 12–15 करोड़ लोग संगम में स्नान करेंगे। सीएम सुबह 10 बजे प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से सबसे पहले योगी सिविल लाइंस के होटल कान्हा-श्याम पहुंचे। यहां हाईकोर्ट के सीनियर जज एम.सी. त्रिपाठी की बेटी के शादी कार्यक्रम में शामिल हुए। योगी ने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। करीब 30 मिनट तक कार्यक्रम में रुकने के बाद भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के घर पहुंचे। यहां पास में ही बनाए गए एक मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां से सीधे सीएम माघ मेला क्षेत्र पहुंचे और लेटे हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इससे पहले, सीएम 31 मई को प्रयागराज पहुंचे थे। इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ता चैंबर और मल्टीलेवल पार्किंग भवन का उद्घाटन किया था। महाकुंभ के बाद यह पहला माघ मेला है। योगी सरकार की तैयारी माघ मेले को भी भव्य बनाने की है। इसके लिए प्रयागराज प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। गंगा में पांटून पुल बनाए जा रहे हैं। सीएम के दौरे की तस्वीरें देखिए- CM योगी के विजिट से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…