रक्षा मंत्रालय की अध्ययन समिति के सदस्य अयोध्या पहुंचे:रामलला का किया दर्शन, सपा सांसद बोले- शंकराचार्य को निशाना बनाना दुर्भाग्यपूर्ण

रक्षा मंत्रालय की एक अध्ययन समिति के सदस्य अयोध्या पहुंचे और रामलला, हनुमानगढ़ी व कनक भवन में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इस दौरान समिति का नेतृत्व भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह ने किया। मीडिया से बातचीत में राधा मोहन सिंह ने बताया कि रक्षा मंत्रालय की अध्ययन समिति का आधिकारिक दौरा कोच्चि से वाराणसी तक ही निर्धारित था। इसके बाद समिति के कुछ सदस्य अपनी निजी यात्रा पर प्रयागराज और अयोध्या पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अयोध्या आने वालों में केवल चार सदस्य शामिल हैं, जिनमें स्वयं राधा मोहन सिंह, जगदीप, राजीव भारद्वाज और समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह शामिल हैं। राहुल गांधी के अयोध्या न आने के सवाल पर राधा मोहन सिंह ने कहा कि यह उनका निजी निर्णय है, सभी सदस्य स्वतंत्र हैं और किसी पर कोई बाध्यता नहीं है। राम मंदिर को लेकर उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है और वर्षों से देखा गया सपना अब साकार हुआ है। वहीं समिति के सदस्य सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रयागराज प्रकरण को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि धर्म ध्वजवाहक शंकराचार्य को निशाना बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को चाहिए कि वह उन्हें सम्मान दे और स्नान की समुचित व्यवस्था कराए। अखिलेश यादव के रामलला दर्शन न करने पर उन्होंने कहा कि महादेव मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सावन तक अयोध्या आने की उम्मीद है।