रनिया में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, किशोरी गंभीर घायल

रनिया थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 4:30 बजे एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना भोले सिंह पेट्रोल पंप के पास हुई। पुलिस के अनुसार, अकबरपुर की ओर जा रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। सूचना मिलने पर रनिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान डेरापुर थाना क्षेत्र के नंदपुर निवासी अंकित कुमार (20) पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक का है। बाइक पर दीक्षा पाल नाम की एक किशोरी भी सवार थी, जो टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर नगर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। रनिया थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।