रामनगरी के विकास की रिपोर्ट लेकर सीएम से मिले मंडलायुक्त:विकास, पर्यटन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर किया संवाद

अयोध्या में मंडलायुक्त राजेश कुमार ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को राम मंदिर की एक दिव्य फोटो भेंट की। बैठक में अयोध्या मंडल में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और भावी कार्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री को प्रमुख परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति से भी अवगत कराया। भेंट के दौरान बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्यों के साथ-साथ पर्यटन और तीर्थ विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यातायात, स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इसके अलावा स्मार्ट सिटी परियोजना, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, नगर सौंदर्यीकरण और आवासीय योजनाओं की प्रगति पर भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अयोध्या मंडल के समग्र विकास को प्रदेश की प्राथमिकताओं में रखते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।