रामपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत:पति समेत 8 पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

रामपुर में एक विवाहिता का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी भेज दिया है। शव का पोस्टमॉर्टम शनिवार सुबह कराया जाएगा। मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के करनपुर गांव का है। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति और ससुराल पक्ष के कुल आठ लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में अजीमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति दहेज में कार की मांग कर रहा था, जिसको लेकर उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि बीते दिन ही पति वैष्णो देवी के दर्शन कराने की बात कहकर उसकी बहन को अपने घर ले गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों ने घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं, आरोपी पक्ष का दावा है कि महिला ने घरेलू कारणों से आत्महत्या की है। थाना प्रभारी करम सिंह ने बताया कि पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिनमें सास, ससुर और नंदोई भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।