लखनऊ के इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के अमराई गांव में रामलीला मेले के दौरान बाप-बेटे पर जानलेवा हमला हो गया। हमले में युवक और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोट आई हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अमराई गांव पेट्रोल पंप के पास रहने वाले मयंक पाल पुत्र गुड्डू पाल ने बताया कि गुरुवार रात वह अमराई गांव के मेले में कुर्सी पर बैठकर रामलीला देख रहा था। इस दौरान विजय राजपूत, सोनू राजपूत, मोनू राजपूत, अजय राजपूत और चार अज्ञात लोगों ने उसे जबरन उठा लिया। लोहे की रॉड और गड़ासे से वार किए आरोप है कि सभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और गड़ासे से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। मोनू और सोनू ने गड़ासे से मयंक के सिर पर वार किए जबकि अजय राजपूत ने उसका गला दबाया। विजय राजपूत ने लोहे की रॉड से शरीर पर कई वार किए। हमले में मयंक के सिर से काफी खून बहने लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। मरा समझकर मौके से भागे आरोपी शोर सुनकर मौके पर पहुंचे मयंक के पिता गुड्डू पाल पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। विजय राजपूत ने गड़ासे से गुड्डू पाल के सिर पर वार किया। जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद सभी आरोपी दोनों को मरा समझकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गुड्डू पाल ने बेटे के मोबाइल से 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को लोहिया अस्पताल भिजवाया। जहां उनका इलाज किया गया। मयंक के सिर में सात टांके और उसके पिता के सिर में दो टांके लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।