रामेंद्र त्रिवेदी कन्नौज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए:प्रतिद्वंद्वी फहीम जमां खां को 26 मतों से हराया, देर शाम सभी पदों के परिणाम घोषित

कन्नौज बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव मंगलवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में संपन्न हुए। सुबह करीब 10 बजे मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर लगभग तीन बजे तक चला। इस दौरान एसोसिएशन में पंजीकृत कुल 963 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के कड़े मुकाबले में रामेंद्र त्रिवेदी ने अपने प्रतिद्वंद्वी फहीम जमां खां को 26 मतों से पराजित किया। रामेंद्र त्रिवेदी को 336 वोट मिले, जबकि फहीम जमां खां के पक्ष में 310 मत पड़े। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मोहम्मद अदील खां ने 363 मत और सुशील कुमार ने 397 मत पाकर जीत दर्ज की। इस पद के एक अन्य प्रत्याशी रफाकत को 176 वोट मिले। महासचिव पद पर राम खिलावन यादव ने 303 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी सुभाषचंद्र पाल को 179 मतों के बड़े अंतर से हराया। कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में अमित कुमार यादव ने 312 वोट हासिल कर विमल दुबे को 25 मतों से परास्त किया। सह सचिव पुस्तकालय पद के लिए संजय दुबे ने 374 मतों के साथ जीत दर्ज की, जबकि शान आलम को 233 मत मिले। संजय दुबे ने 141 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की। चुनाव कमेटी के सदस्यों अशोक चंद्र जैन, कमालुद्दीन खां, अनिल कुमार द्विवेदी, श्यामसिंह वर्मा, छोटेलाल, राकेश कुमार यादव और कमल किशोर आडवानी ने विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की। इस अवसर पर सतेंद्र बघेल, सुभाष शुक्ला, संजीव शुक्ला, आलोक सिंह, पियूष मिश्रा, नितिन गुलजार, शिवांक बाजपेई, जयविष्णुदीप सिंह सहित अनेक अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।