राम मंदिर पर ध्वजारोहण ऐतिहासिक क्षण:राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा- यह गर्व का विषय, अयोध्या देश का गौरव

उत्तर प्रदेश सरकार में प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला शनिवार को अयोध्या पहुंचीं। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित महिला सम्मेलन में प्रतिभाग किया। केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान राज्य मंत्री ने कहा कि 25 नवंबर को श्रीराम मंदिर पर होने वाला ध्वजारोहण एक ऐतिहासिक क्षण होगा। मंत्री ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि भव्य राम मंदिर का निर्माण पूर्ण हो चुका है और अब उस पर ध्वजारोहण होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति इस पल को और भी यादगार बना देगी। राज्य मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व शैली देश को नई दिशा दे रही है। वे सबको साथ लेकर चलने वाले नेता हैं और विकसित भारत के निर्माण के लिए सतत प्रयासरत हैं। प्रतिभा ने बताया कि सरकार की योजनाएं किसी जाति या वर्ग विशेष के लिए नहीं, बल्कि समाज के हर तबके—महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों—के समग्र विकास के लिए हैं। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता में है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। राज्य मंत्री ने बताया कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। कृषि आधारित उद्योग, पशुपालन और महिला स्व सहायता समूहों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के तहत अयोध्या के साथ-साथ प्रदेश के अन्य पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या अब न केवल आस्था का, बल्कि सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से भी देश का गौरव बन चुकी है।