रायबरेली में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:बाइक सवार दूसरा युवक घायल, पुलिस ने जांच शुरू की

रायबरेली में एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना डलमऊ-फतेहपुर मार्ग पर नेवाजगंज के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई। मृतक की पहचान अनिल पुत्र सुंदरलाल के रूप में हुई है। वहीं, जूही परमपुरवा, कानपुर निवासी चंदन पुत्र गणेश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक डलमऊ कस्बे के मुराईबाग में एक टेंट की दुकान पर चारपाई बिनने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि देर शाम दोनों ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक अनिल के शव को कब्जे में ले लिया। घायल चंदन को तत्काल डलमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डलमऊ कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।