रायबरेली में छत से गिरे शटरिंग व्यवसायी की मौत:घायल व्यवसाई को इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा

रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र में एक शटरिंग व्यवसायी की छत से गिरने के बाद इलाज के लिए ले जाते समय मृत्यु हो गई। विशुन दासपुर मजरे सुदामापुर गांव निवासी इंद्रसेन यादव (32 वर्ष) पुत्र राम शंकर ने रविवार को रास्ते में दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, इंद्रसेन यादव दो दिन पहले मुतवल्लीपुर गांव में एक निर्माणाधीन मकान पर शटरिंग का काम देख रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे छत से नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल इंद्रसेन को परिजनों ने तत्काल लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें इलाहाबाद (प्रयागराज) रेफर कर दिया। रविवार को जब उन्हें इलाहाबाद ले जाया जा रहा था, तभी जगतपुर के पास सड़क मार्ग में ही उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से मृतक के परिवार में मातम छा गया है। उनकी पत्नी अर्चना यादव और 5 वर्षीय पुत्र अभिनय यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। गदागंज थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की छत से गिरकर लगी गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।